Team India में चयन पर भावुक हुए Vaibhav Suryavanshi, बोले- 'आज मेरा सपना पूरा हो गया'

Vaibhav Suryavanshi
ANI

बिहार के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टी20 टीम में चयन हो गया है, जिसे उन्होंने अपने करियर का सबसे बड़ा कदम बताया। आईपीएल में अपने विस्फोटक प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाने वाले सूर्यवंशी, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर सचिन तेंदुलकर का सबसे युवा पदार्पण का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि भारतीय टी20 टीम में चयन होना उनके कैरियर का सबसे बड़ा कदम है और उनके पास अपने जज्बात बयां करने के लिये शब्द नहीं हैं। पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी को 26 जून से शुरू हो रहे आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिये भारतीय टीम में चुना गया है। उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिये खेलते हुए 230 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाये।

सूर्यवंशी ने बीसीसीआई द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए संक्षिप्त वीडियो में कहा ,‘‘ शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मैने इसी के लिये पहले दिन बल्ला उठाया था और अभ्यास के लिये क्रिकेट के मैदान पर उतरा था। वह सपना आज पूरा हो गया है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यह मेरे सफर का सबसे बड़ा कदम है। मैं इन भावनाओं को शब्दों में अभिव्यक्त नहीं कर सकता।’’ बिहार के समस्तीपुर से अपने कैरियर की शुरूआत करने वाले सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जमाया था।

28 अप्रैल 2025 को गुजरात के खिलाफ 38 गेंद में 101 रन बनाकर वह 14 वर्ष 32 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में शतक जमाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। इंग्लैंड या आयरलैंड के खिलाफ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन सकते हैं। यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में पदार्पण किया था। उन्होंने कहा ,‘‘यह सपना सच होने जैसा है। जैसे ही मैने टीशर्ट देखा, मेरी मुस्कान नहीं रूक रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़