Vaibhav Sooryavanshi की सुनामी में उड़ी Sri Lanka, World Record के साथ India A ने जीती ट्रॉफी

Vaibhav Sooryavanshi
Instagram/Team India
एकता । Jun 21 2026 6:56PM

भारत ए ने ट्राई-सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए को 66 रनों से हराकर खिताब जीता, जिसमें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली। बाद में यश ठाकुर और विपराज निगम की शानदार गेंदबाजी ने श्रीलंका को 311 रनों पर समेटकर भारत की जीत सुनिश्चित की।

बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर गदर मचा दिया। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में हाफ सेंचुरी ठोककर लिस्ट ए क्रिकेट का 21 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव ने अपनी विस्फोटक पारी में 29 गेंदों पर 94 रन बनाए। उनकी इस आतिशी पारी के दम पर भारत ए ने ट्राई-सीरीज के फाइनल मैच में श्रीलंका ए को 66 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

भारत का विशाल स्कोर

पहले बैटिंग करने उतरी इंडिया ए की टीम ने 9 विकेट खोकर 377 रनों का बहुत बड़ा स्कोर खड़ा किया। वैभव सूर्यवंशी ने प्रियांश आर्य (39 रन) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 132 रनों की तूफानी पार्टनरशिप की। वैभव के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 67 रन बनाए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 रनों का योगदान दिया। आखिरी ओवरों में अनुकूल रॉय (39 रन) और विपराज निगम (27 रन) ने तेजी से रन बटोरकर टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

श्रीलंका की टीम ढेर

378 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत बेहद खराब रही। भारत के गेंदबाजों ने कसी हुई बॉलिंग की और श्रीलंका के टॉप ऑर्डर को टिकने नहीं दिया। श्रीलंका की ओर से वानुज सहान ने सबसे ज्यादा 62 रन और सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन बनाए, लेकिन ये पारियां उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। पूरी श्रीलंकाई टीम 47.1 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भारतीय गेंदबाजों का जलवा

भारत की इस शानदार जीत में गेंदबाजों का रोल सबसे अहम रहा। यश ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 45 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि विपराज निगम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 60 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा अनुकूल रॉय को 2 विकेट मिले, जबकि कप्तान तिलक वर्मा और अशोक शर्मा ने 1-1 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को समेटने में मदद की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़