IND vs SL: कौन है दुनिथ वेल्लालगे, जिसने भारतीय टॉप ऑर्डर को किया पस्त

Dunith Wellalage dismiss Team India top order wicket
प्रतिरूप फोटो
Social Media
Kusum । Sep 12 2023 7:15PM

दुनिथ ने पहली ही गेंद पर गिल को पवेलियन भेजा। इसके बाद उनके शिकार विराट कोहली बने, जिन्होंने महज 3 रन ही बनाए।

कोलंबो में भारत बनाम श्रीलंका का एशिया कप सुपर-4 का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। लेकिन उनका ये फैसला गलत साबित हुआ। रोहित शर्मा और शुबमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने भारत के लिए 80 रनों की साझेदारी भी निभाई। लेकिन उनकी इस जोड़ी को तोड़ने का काम दुनिथ वैल्लालगे ने किया। दुनिथ वैल्लालगे ने ना सिर्फ गिल और रोहित को आउट किया बल्कि उन्होंने भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर को पवेलियन भेजा। 

भारतीय पारी के दौरान 12वें ओवर में गेंदबाजी करने आए दुनिथ ने पहली ही गेंद पर गिल को पवेलियन भेजा। इसके बाद उनके शिकार विराट कोहली बने, जिन्होंने महज 3 रन ही बनाए। हालांकि, इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा से उम्मीद थी कि वो पारी को आगे बढ़ाएंगे लेकिन भारतीय कप्तान भी दुनिथ वैल्लालगे के शिकार बन गए। रोहित ने इस दौरान 48 गेंदों में 53 रन बनाए। 

दुनिथ वैल्लालगे यहीं नहीं रुके, बल्कि इसके बाद उन्होंने केएल राहुल को कॉट एंड बोल्ड किया। राहुल ईशान किशन के साथ मिलकर भारत की पारी को आगे बढ़ा रहे थे। उन्होंने 44 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद दुनिथ ने हार्दिक पांड्या को अपना 5वां शिकार बनाया। पांड्या ने इस दौरान महज 5 ही रन बनाए। दुनिथ वैल्लालगे ने अपने 10 ओवर में 40 रन देते हुए 5 विकेट झटके। 

कौन है दुनिथ वैल्लालगे?

बता दें कि, पिछले साल अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन वेस्टइंडीज में किया गया था। जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम विजेता बनी थी। उस सीजन में दुनिथ वैल्लालगे श्रीलंका की ओर से खेले थे। वो उस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज भी बने थे। उन्होंने 6 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए थे। 

वहीं 20 वर्षीय दुनिथ वैल्लालगे वनडे अंतर्राष्ट्रीय में 5 विकेट लेने का कारनामा करने वाले सबसे युवा श्रीलंकाई गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड चरिथा बुद्धिका के नाम था, जिन्होंने महज 21 साल की उम्र में 2001 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ये उपलब्धि अपने नाम की थी। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़