Oscars 2023 | ऑस्कर में ‘Everything Everywhere All At Once’ का बोलबाला, सभी बड़े पुरस्कार किए अपने नाम

Oscars 2023
ABC News and Oscars 2023
रेनू तिवारी । Mar 13 2023 12:18PM

ऑस्कर में इस साल ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ का बोलबाला रहा... सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनने के साथ इसके लिए डेनियल क्वान तथा डेनियल स्कैनर्ट को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया और फिल्म की अदाकारा मिशेल योह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया।

लॉस एंजिलिस (अमेरिका)। ऑस्कर में इस साल ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ का बोलबाला रहा... सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनने के साथ इसके लिए डेनियल क्वान तथा डेनियल स्कैनर्ट को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया और फिल्म की अदाकारा मिशेल योह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं फिल्म ‘द व्हेल’ के लिए ब्रेंडन फ्रेज़र को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला।

इसे भी पढ़ें: Oscars 2023 Full Winners List | 'Naatu Naatu' बेस्ट सॉन्ग बना तो 'Everything Everywhere' बनी बेस्ट फिल्म, यहां देखें विनर्स की पूरी लिस्ट

फिल्म ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ के लिए ही के ह्यू क्वान को सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता की श्रेणी में और जेमी ली कर्टिस को सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री की श्रेणी में पुरस्कार मिला। डेनियल क्वान तथा डेनियल स्कैनर्ट को ‘ओरिजनल स्क्रीनपले’ की श्रेणी में भी पुस्कार मिला। योह (60) ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाली एशियाई मूल की पहली अदाकारा बनीं। वह पिछले 20 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने वाली पहली अश्वेत महिला हैं। पुरस्कार स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ सभी महिलाओं से यह कहना चाहूंगी कि किसी को आपको यह न बताने दें कि आपका समय बीत गया है।’’

इसे भी पढ़ें: Oscars 2023 | Michelle Yeoh ने इतिहास रचा! Academy Award 2023 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने वाली पहली एशियाई महिला बनीं

भारत की बात करें तो ऑस्कर में भारतीयों ने भी इस बार अपना डंका बजाया। भारतीय फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नाटु नाटु’ ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत इतिहास रच दिया है। वहीं तमिल के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट’ श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर जीता। हालांकि जलवायु परिवर्तन पर आधारित भारतीय वृत्तचित्र ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर श्रेणी में पुरस्कार जीतने से चूक गई। डेनियल रोहर की ‘नवलनी’ ने उसे मात दी। ऑस्कर समारोह का आयोजन सोमवार सुबह (भारतीय समयानुसार) हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में किया जा रहा है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़