श्रीलंका के हालात और भी ज्यादा हुए बदतर, प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने चलाई गोलियां, एक की मौत, अन्य 16 जख्मी

Sri Lanka Crisis
प्रतिरूप फोटो
Twitter Image

श्रीलंका के रामबुक्काना में हिंसक भीड़ पर काबू पाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलानी पड़ीं। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य 16 जख्मी बताए जा रहे हैं। इस दौरान 8 पुलिसकर्मियों के भी जख्मी होने की खबर है। श्रीलंकाई पुलिस ने रामबुक्काना में सरकार विरोधी प्रदर्शन करने वालों पर गोलियां चलाने की पुष्टि की।

कोलंबो। आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इसी बीच प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पहली बार श्रीलंका की पुलिस ने गोलियां चलाई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य 16 जख्मी बताए जा रहे हैं। इस दौरान 8 पुलिसकर्मियों के भी जख्मी होने की खबर है। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हिंसक भीड़ पर काबू पाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलानी पड़ीं। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया था। 

इसे भी पढ़ें: सोमवार आधी रात से बढ़ी ईंधन की कीमत, यहां 338 रुपये प्रति लीटर हुई पेट्रोल की दरें 

श्रीलंकाई पुलिस ने मंगलवार को रामबुक्काना में सरकार विरोधी प्रदर्शन करने वालों पर गोलियां चलाने की पुष्टि की। दरअसल, श्रीलंका में ईंधन के दामों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि के खिलाफ रामबुक्काना के एक रेलवे ट्रैक को 8 घंटे से अवरुद्ध कर रखा था। ऐसे में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। जिसके बाद झड़प शुरू हो गई।

श्रीलंका की हालत इतनी ज्यादा चरमराई हुई है कि वह दिवालिया होने की कगार पर है और उसे कुल 25 अरब डॉलर में से करीब 7 अरब डॉलर का विदेशी कर्ज इस साल चुकाना है। विदेशी मुद्रा की भारी कमी का सीधा मतलब है कि देश में आयातित सामान खरीदने के लिए पैसों की भारी कमी है। 

इसे भी पढ़ें: IMF प्रमुख से मिलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, श्रीलंका की आर्थिक स्थिति पर हुई चर्चा 

श्रीलंकाई लोग भोजन, रसोई गैस, ईंधन और दवाई की महीने भर से कमी झेल रहे हैं। वह इतने ज्यादा परेशान हो चुके हैं कि घंटों कतारों में खड़े होने के बाद सीमित स्टॉक खरीद पाते हैं। साल 1948 में आजादी मिलने के बाद से श्रीलंका पर अबतक का सबसे बड़ा आर्थिक संकट छाया हुआ है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़