कांगो में बुसिरा नदी में नौका पलटने से 38 लोगों की मौत, 100 से अधिक लापता

boat
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

अक्टूबर में देश के पूर्वी भाग में क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक नाव के डूब जाने से कम से कम 78 लोग मारे गए थे और जून में किंशासा के निकट हुई ऐसी ही दुर्घटना में 80 लोगों की जान चली गयी थी।

 कांगो में क्रिसमस मनाने के लिए घर लौट रहे लोगों से भरी एक नौका के शुक्रवार देर रात बुसिरा नदी में पलट जाने से 38 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी।

नौका पलटने की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब करीब चार दिन पहले ही देश के उत्तर-पूर्व में एक अन्य नाव के डूबने से 25 लोग मारे गए थे। नौका पलटने की हालिया घटना में अब तक 20 लोगों को बचाए जाने की पुष्टि हुई है।

दुर्घटनास्थल के पास स्थित इंगेंडे शहर के मेयर जोसफ जोसफ कांगोलिंगोली ने बताया कि नौका कांगो के उत्तर-पूर्व में जलक्षेत्र में थी और इसमें अधिकतर वे व्यापारी सवार थे जो क्रिसमस मनाने के लिए घर लौट रहे थे।

इंगेंडे के निवासी एनडोलो कैडी ने बताया कि नौका में ‘‘400 से अधिक लोग सवार थे और यह नौका बोएंडे के रास्ते में पड़ने वाले दो बंदरगाहों इंगेंडे और लूलो से होकर गुजरी थी, इसलिए ऐसा लगता है कि मृतक संख्या अधिक होगी।’’

कांगो के अधिकारी नौकाओं में क्षमता से अधिक लोगों को ले जाने के खिलाफ अक्सर चेतावनी जारी करते हैं और जल परिवहन संबंधी सुरक्षा उपायों का उल्लंघन करने वालों को दंडित करते हैं लेकिन दूरदराज के इलाकों से आने वाले अधिकतर यात्री सड़क मार्ग से यात्रा करने का खर्च वहन नहीं कर सकते।

अक्टूबर में देश के पूर्वी भाग में क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक नाव के डूब जाने से कम से कम 78 लोग मारे गए थे और जून में किंशासा के निकट हुई ऐसी ही दुर्घटना में 80 लोगों की जान चली गयी थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़