Angelina Jolie और Brad Pitt ने वाइनरी विवाद सुलझाया, अदालत के बाहर समझौता

हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट और एंजेलीना जोली ने फ्रांस स्थित अपनी संयुक्त वाइनरी के मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद का अदालत के बाहर शांतिपूर्ण समाधान निकाल लिया है। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि परिवार के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए यह कानूनी समझौता किया गया है। साल 2016 में अलग होने के बाद दोनों के बीच इस संपत्ति को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी।
हॉलीवुड की चर्चित जोड़ी रही एंजेलीना जोली और ब्रैड पिट के बीच लंबे समय से जारी कानूनी लड़ाई उनके अलग होने के एक दशक बाद समाप्त हो गई है। दोनों अदाकारों ने एक फ्रांसीसी वाइनरी (शराब उत्पादन इकाई) के स्वामित्व को लेकर जारी विवाद को आपसी सहमति से सुलझा लिया है। दोनों कलाकारों ने बुधवार को जारी एक संयुक्त बयान में कहा कि उन्होंने मुकदमे का निपटारा कर लिया है।
यह मामला उस समय व्यावसायिक विवाद से आगे बढ़ गया था, जब जोली की ओर से दायर एक कानूनी दस्तावेज में पिट पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए थे। पिट (62) और जोली (51) के प्रतिनिधियों की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘हमने अपने परिवार के सर्वोत्तम हित में अदालत के बाहर समझौता कर लिया है और इस मामले में आगे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।’’ जोली ने 2016 में एक निजी विमान यात्रा के बाद ‘परिवार के हित’ का हवाला देते हुए तलाक की अर्जी दाखिल की थी। अलग हो चुकी मशहूर हस्तियों के बीच हाल के वर्षों में निजी न्यायाधीशों की सेवाएं लेने का चलन बढ़ा है।
इस जोड़ी ने भी इसी प्रक्रिया का सहारा लिया था। इसके कारण 2024 के अंत में तलाक की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उससे जुड़े ज्यादातर विवरण गोपनीय रहे। हालांकि, वाइनरी के स्वामित्व को लेकर दायर मुकदमा दोनों के बीच विवाद के कई पहलुओं के सार्वजनिक होने का माध्यम बन गया।
पिट ने 2022 में जोली के खिलाफ मुकदमा दायर कर आरोप लगाया था कि उन्होंने उस समझौते का उल्लंघन किया है, जिसके तहत पिट को फ्रांस स्थित उनकी संयुक्त वाइनरी ‘शातो मिरावल’ में जोली की आधी हिस्सेदारी खरीदनी थी। इसके बजाय जोली ने अपनी हिस्सेदारी शराब कारोबार से जुड़े समूह ‘तेनुते देल मोंडो’ को बेच दी थी। निजी विमान यात्रा के दौरान कथित दुर्व्यवहार का विवरण तब तक सार्वजनिक नहीं हुआ था, जब तक जोली ने इस विवाद में जवाबी शिकायत दर्ज नहीं कराई।
जोली और उनके वकीलों का आरोप था कि पिट ने प्रस्तावित सौदे के तहत उनसे एक व्यापक गोपनीयता समझौते (एनडीए) पर हस्ताक्षर करने की मांग की थी। उनके अनुसार, यह समझौता जोली और बच्चों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को सार्वजनिक होने से रोकने का प्रयास था। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) और बाल सेवा अधिकारियों ने विमान में पिट के व्यवहार की जांच की थी।
जांच मुख्य रूप से उनके सबसे बड़े बेटे के साथ किए गए कथित व्यवहार पर केंद्रित थी। एफबीआई ने 2016 के अंत में बयान जारी कर कहा था कि वह इस मामले में आगे जांच नहीं करेगी। अमेरिकी अभियोजन अधिकारियों ने भी इस मामले में कोई आरोप तय नहीं किए।
पिट ने दुर्व्यवहार के आरोपों से इनकार किया था, हालांकि उन्होंने विमान में अपने व्यवहार का कोई बचाव नहीं किया था।
अन्य न्यूज़














