26/11 मुंबई हमले की बरसी पर President Droupadi Murmu ने शहीदों और पीड़ितों को किया नमन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए बहादुर सुरक्षाकर्मियों के साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद लोगों का जीवन तबाह कर सकता है, लेकिन राष्ट्र की एकजुट भावना को कभी नहीं तोड़ सकता। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के खात्मे के प्रति देश के सामूहिक संकल्प को भी दोहराया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान बहादुरी दिखाने वाले सुरक्षाकर्मियों और आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े रहने वाले सभी लोगों को नमन करते हुए कहा कि आतंकवाद लोगों की जिंदगी तबाह कर सकता है लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ संकल्प से एकजुट राष्ट्र की भावना को कभी नहीं तोड़ सकता। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षाकर्मियों का बलिदान और उनकी निस्वार्थ सेवा हमेशा देश की आत्मा में अंकित रहेगी। पाकिस्तान से लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी 26 नवंबर, 2008 को समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे और उन्होंने मुंबई में 60 घंटे तक चले हमलों के दौरान 166 लोगों की हत्या कर दी थी।
मृतकों में 18 सुरक्षाकर्मी भी शामिल थे। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की इस बरसी पर मैं मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और अपने बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों तथा आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े रहने वाले सभी लोगों के साहस को नमन करती हूं।’’ उन्होंने कहा कि आतंकवाद लोगों की जिंदगी तबाह कर सकता है, लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ संकल्प से एकजुट राष्ट्र की भावना को कभी नहीं तोड़ सकता। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘आज हम हमलों में जीवित बचे लोगों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं।
हम आतंकवाद के सभी रूपों को खत्म करने और अधिक शांतिपूर्ण एवं मानवीय दुनिया बनाने की दिशा में काम करने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराते हैं।’’
अन्य न्यूज़














