Canada के व्यापार मंत्री Maninder Sidhu 300 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे भारत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने इस महीने के अंत में भारत आने की घोषणा की है। उन्होंने अमेरिका के मिलवॉकी में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात के बाद यह जानकारी साझा की। दोनों देशों का लक्ष्य साल के अंत तक सीईपीए समझौते को संपन्न करना और 2030 तक आपसी व्यापार 70 अरब डॉलर पहुंचाना है।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, दो अक्टूबर कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि वह इस महीने के अंत में करीब 300-सदस्यीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आएंगे और विभिन्न क्षेत्रों में अवसर तलाशेंगे। सिद्धू ने बृहस्पतिवार को अमेरिका के मिलवॉकी में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा इस साल के अंत तक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) संपन्न करने के प्रयासों के तहत नयी दिल्ली के वार्ताकारों के साथ अगले दौर की बातचीत शुरू करेंगे।

भारत और कनाडा ने इस साल मार्च में द्विपक्षीय व्यापार समझौते की घोषणा की थी, जिसका लक्ष्य 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को 70 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। सिद्धू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुंबई में चौथे दौर की वार्ता पूरी होने के बाद मैंने जी20 बैठक के दौरान मंत्री पीयूष गोयल से फिर मुलाकात की। पांच अक्टूबर से शुरू होने वाली अगले दौर की वार्ता से पहले यह मुलाकात, इस साल के अंत तक समझौता संपन्न करने की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए हुई।’’ सिद्धू ने कहा, ‘‘फिलहाल दोनों देशों के बीच 30 अरब कनाडाई डॉलर से अधिक का द्विपक्षीय व्यापार है और 2030 तक इसे 70 अरब कनाडाई डॉलर तक पहुंचाने का हमारा साझा लक्ष्य है।

ऐसे में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाने की काफी गुंजाइश है।’’ कनाडा के मंत्री ने कहा कि वह इस महीने ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का नेतृत्व करते हुए भारत आएंगे और विभिन्न क्षेत्रों में अवसर तलाशेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़