संविधान और अभिव्यक्ति की आजादी के समर्थन में Delhi में जुटेंगे 500 से अधिक रचनाकार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

देशभर के 500 से ज्यादा लेखकों, कवियों और कलाकारों ने लोकतांत्रिक मूल्यों और बहुलतावादी संस्कृति की रक्षा के लिए साझा मंच तैयार किया है। इस कड़ी में जवाहर भवन में शनिवार को राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। प्रेस क्लब में कवि अशोक वाजपेयी और अन्य वक्ताओं ने सांस्कृतिक स्वतंत्रता पर पाबंदियों पर चिंता जताई।

देशभर के 500 से अधिक लेखकों, कवियों, कलाकारों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने संविधान, लोकतांत्रिक स्वतंत्रता व देश की बहुलतावादी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए रचनात्मक समुदाय को एकजुट करने की पहल का समर्थन किया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘हम भारत के लोग’ नामक यह पहल 45 लेखकों, कवियों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों की अपील के साथ शुरू हुई थी। इसका समापन शनिवार को यहां जवाहर भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के साथ होगा।

कवि अशोक वाजपेयी ने बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चिंता केवल संवैधानिक मूल्यों पर हमले तक सीमित नहीं है बल्कि लोगों की सांस्कृतिक और व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर लगाई जा रही पाबंदियां भी चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा, “हमला केवल संविधान पर ही नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और लोगों की स्वतंत्रता पर भी हो रहा है। लोग क्या पहन सकते हैं, क्या खा सकते हैं, क्या बोल सकते हैं और क्या सोच सकते हैं, इन सभी बातों पर लगातार पाबंदियां लगाई जा रही हैं।” वाजपेयी ने कहा कि सवाल उठाने और असहमति जताने के लिए उपलब्ध मंचों को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सम्मेलन केवल एक दिन का आयोजन बनकर न रह जाए बल्कि इसे सामूहिक और निरंतर प्रयास की शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए। प्रोफेसर अपूर्वानंद और सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी ने भी संवैधानिक अधिकारों, लोकतांत्रिक स्वतंत्रता व अभिव्यक्ति की आजादी पर बढ़ते हमलों के खिलाफ लेखकों तथा कलाकारों से सामूहिक रूप से आवाज उठाने की जरूरत पर जोर दिया। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और समुदायों के लेखक, कवि, संगीतकार, फिल्म निर्माता, रंगकर्मी, नर्तक और कलाकार हिस्सा लेंगे।

सम्मेलन में लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति के सामने मौजूद चुनौतियों और भारत की साझा सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़