Egypt के Giza में भीषण रेल हादसा, दो ट्रेनों की भिड़ंत में 7 की मौत और 100 घायल

मिस्र में काहिरा के दक्षिण में गीज़ा प्रांत के अल-अय्यत जिले में रविवार को दो रेलगाड़ियों की टक्कर हो गई, जिसमें चालक दल के सदस्य सहित सात यात्रियों की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार खड़ी ट्रेन के पिछले हिस्से से दूसरी गाड़ी टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई। राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने मामले की त्वरित जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
काहिरा, आठ नवंबर (एपी) मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में रविवार को दो रेलगाड़ियों की टक्कर में ट्रेन के परिचालक सहित सात लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। मुख्य अभियोजक कार्यालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। परिवहन मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटना राजधानी काहिरा से लगभग 52 किलोमीटर दूर गीज़ा प्रांत के अल-अय्यत जिले में हुई।
दक्षिण-पश्चिमी फयूम प्रांत की ओर जाने वाली एक ट्रेन ने दक्षिणी प्रांत असवान जा रही ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। मुख्य अभियोजक कार्यालय ने रविवार देर रात बताया कि उनके जांचकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक जब गीज़ा-फयूम ट्रेन, उसी दिशा में जा रही एवं उसी पटरी पर खड़ी काहिरा-असवान ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकरा गई।
अल-अय्यत के काफर गिरजा निवासी अयमान गमाल ने बताया कि हादसा होने के बाद स्थानीय लोग मदद को पहुंचे और लोगों को मलबे से बाहर निकाला एवं एंबुलेस को घटना की जानकारी दी। गमाल ने बताया कि उन्होंने देखा कि लगभग 80 घायलों को एंबुलेंस के जरिए नज़दीकी अस्पतालों में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि कुछ यात्री खड़ी ट्रेन के एक डिब्बे के अंदर फंस गए थे और जब उन्हें बाहर निकाला गया, तो उनकी मौत हो चुकी थी।
राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए दुर्घटना की त्वरित जांच का आदेश दिया है। मिस्र रेलवे प्राधिकरण ने कहा कि मलबे को हटाने और सामान्य ट्रेन सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए आपातकालीन टीम और क्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया। सितंबर में, इसी जिले में दो मालगाड़ियों की आपस में टक्कर हो जाने पर एक ट्रेन चालक और उसका सहायक घायल हो गया था।
अन्य न्यूज़














