Nvidia के GPU कैसे बने आधुनिक एआई अर्थव्यवस्था की रीढ़, जानिए चिप की खासियत

Nvidia के GPU कैसे बने आधुनिक एआई अर्थव्यवस्था की रीढ़, जानिए चिप की खासियत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट यानी जीपीयू आधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं। शुरुआत में वीडियो गेम और ग्राफिक्स के लिए बने ये प्रोसेसर आज एक सेकंड में एक क्वाड्रिलियन से अधिक गणनाएं करने में सक्षम हैं। एनवीडिया अपने सीयूडीए सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की मदद से इस वैश्विक बाजार में अग्रणी बनी हुई है।

(जेफरी यंग, जॉर्जिया प्रौद्योगिकी संस्थान) जॉर्जिया, 29 नवंबर (द कन्वरसेशन) एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग को पद से हटाए जाने और फिर दोबारा बहाल किए जाने को लेकर मचे हंगामे, कृत्रिम बुद्धिमत्ता को लेकर अमेरिका और चीन के बीच जारी प्रतिस्पर्धा में एनवीडिया की अहम भूमिका और एआई पर तेजी से बढ़ती अमेरिकी अर्थव्यवस्था की निर्भरता को देखते हुए आपके मन में यह सवाल उठ सकता है कि आखिर एनवीडिया की चिप में ऐसी क्या खास बात है? इसका जवाब ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) में छिपा है। समय के साथ जीपीयू ने कंप्यूटर की मुख्य चिप यानी सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट (सीपीयू) के सहायक की अपनी शुरुआती भूमिका से काफी आगे का सफर तय किया है।

आज जनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता की सबसे बड़ी उपलब्धियों के पीछे जीपीयू की ताकत है, लेकिन शुरुआत में इनका इस्तेमाल वीडियो गेम खेलने और वीडियो बनाने या उन्हें बेहतर बनाने के लिए कंप्यूटर में अलग से लगाए जाने वाले कम कीमत के कार्ड के रूप में होता था। उच्च प्रदर्शन वाली कंप्यूटिंग और कंप्यूटर प्रोसेसर के शोधकर्ता के तौर पर मेरा मानना है कि कई कारण बताते हैं कि जीपीयू आधुनिक अर्थव्यवस्था के लिए इतने महत्वपूर्ण कैसे बन गए और एनवीडिया इनकी सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कैसे बनी। सीपीयू को इस तरह बनाया जाता है कि वह कई तरह के जटिल काम तेजी से कर सके, लेकिन यह एक समय में कुछ ही काम कर पाता है।

इसके उलट, जीपीयू आमतौर पर सरल गणितीय काम करता है। उदाहरण के लिए, दो संख्याओं के समूहों का गुणा करना, लेकिन इसकी खासियत यह है कि यह ऐसे बहुत सारे काम एक साथ कर सकता है। जीपीयू की यही बनावट कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई है।

आज के सबसे आधुनिक एआई जीपीयू हर सेकंड एक ‘क्वाड्रिलियन’ से भी ज्यादा गणनाएं कर सकते हैं। एक क्वाड्रिलियन का मतलब है एक हजार ट्रिलियन। शुरुआती जीपीयू का इस्तेमाल केवल ग्राफिक्स बनाने के लिए किया जा सकता था।

प्रोग्रामर इन्हें छोटे-छोटे कार्यक्रमों के जरिये नियंत्रित करते थे, जिन्हें शेडर कहा जाता है। ये शेडर तय करते थे कि पर्दे पर दिखाई देने वाले हर पिक्सल का रंग क्या होगा। चूंकि एक साथ लाखों पिक्सल के लिए यह काम किया जा सकता था, इसलिए जीपीयू इस काम को बहुत तेजी से कर पाते थे।

उन्नीस सौ नब्बे के दशक के आखिरी वर्षों और 2000 के दशक में एनवीडिया ग्राफिक्स चिप के बाजार में सबसे आगे थी। दो हजार के दशक के शुरुआती वर्षों में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने ऐसे सॉफ्टवेयर उपकरण तैयार किए, जिनकी मदद से जीपीयू का इस्तेमाल ग्राफिक्स के अलावा दूसरे तरह की गणनाओं के लिए भी किया जा सकता था। इसी काम ने एनवीडिया के कंप्यूट यूनिफाइड डिवाइस आर्किटेक्चर (सीयूडीए) की नींव रखी।

इसे 2007 में जारी किया गया था। सीयूडीए की मदद से वैज्ञानिक और इंजीनियर जीपीयू की एक साथ कई काम करने की क्षमता का इस्तेमाल करके वैज्ञानिक शोध और सामान्य कामों से जुड़े कार्यक्रम चला सकते थे। दूसरा बड़ा बदलाव 2012 में हुआ।

उस साल एलेक्सनेट नामक नेटवर्क मॉडल ने जीपीयू की मदद से प्रशिक्षण हासिल किया और इमेजनेट प्रतियोगिता जीत ली। इमेजनेट एक वार्षिक प्रतियोगिता है, जिसमें यह देखा जाता है कि तस्वीरों में मौजूद वस्तुओं को पहचानने में कौन-सा सॉफ्टवेयर सबसे ज्यादा सटीक है। एलेक्सनेट को एनवीडिया के दो जीपीयू पर प्रशिक्षित किया गया था।

इसने अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले काफी कम गलतियां कीं। इस नतीजे ने साबित कर दिया कि जीपीयू की मदद से इतने बड़े नेटवर्क को प्रशिक्षित करना संभव है, जो पहले इस्तेमाल की जाने वाली तकनीकों से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके बाद कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शोधकर्ताओं ने तेजी से जीपीयू का इस्तेमाल शुरू कर दिया।

एनवीडिया को इसका सबसे ज्यादा फायदा इसलिए मिला, क्योंकि वह पहले ही सीयूडीए और उससे जुड़े सॉफ्टवेयर को विकसित करने में कई साल लगा चुकी थी। हालांकि, एएमडी जैसी दूसरी कंपनियों ने भी मजबूत विकल्प तैयार किए। एएमडी भी जीपीयू बनाती है।

वहीं, गूगल ने टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट (टीपीयू) नाम की अपनी एआई चिप विकसित की। इसके बाद एनवीडिया और चिप बनाने वाली दूसरी कंपनियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए जीपीयू को नए सिरे से तैयार करना शुरू किया। वर्ष 2017 में गूगल के शोधकर्ताओं ने ट्रांसफॉर्मर नाम की न्यूरल नेटवर्क तकनीक पेश की।

शुरुआत में इसे अलग-अलग भाषाओं के बीच अनुवाद करने के लिए बनाया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि जैसे-जैसे मॉडल और उसमें इस्तेमाल किए जाने वाले आंकड़ों का आकार बढ़ता है, ट्रांसफॉर्मर की सटीकता और प्रदर्शन भी बेहतर होते जाते हैं। यही तकनीक आज के बातचीत करने वाले कार्यक्रमों और जनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कई दूसरे तंत्रों का आधार बन गई है। इन नए ट्रांसफॉर्मर मॉडलों के विकास ने जनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनियों की संख्या और उनके कारोबार को तेजी से बढ़ाया।

इनमें अमेरिका की ओपनएआई, एंथ्रोपिक, मेटा, गूगल और एक्सएआई जैसी कंपनियां शामिल हैं। वहीं, चीन की डीपसीक, अलीबाबा और बाइडू जैसी कंपनियां भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन सभी कंपनियों का ध्यान बड़े डेटा केंद्र बनाने पर है, जहां अगली पीढ़ी के कृत्रिम बुद्धिमत्ता मॉडलों को प्रशिक्षित करने के लिए अत्याधुनिक जीपीयू लगाए जा रहे हैं।

एनवीडिया खुद भी कुछ कृत्रिम बुद्धिमत्ता मॉडलों को प्रशिक्षित करती है, लेकिन उसका ज्यादातर मुनाफा उन चिप और सॉफ्टवेयर को बेचने से आता है, जिनका इस्तेमाल दूसरी कंपनियां अपने एआई मॉडल बनाने में करती हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता की इस तेजी ने एनवीडिया को रिकॉर्ड मुनाफा दिलाया है, लेकिन इसके कारण अमेरिकी सरकार का ध्यान भी इस कंपनी पर गया है। अमेरिकी सरकार में इस बात को लेकर बहस होती रही है कि चीन को अत्याधुनिक चिप बेचने पर कितनी सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए।

जेनसन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंधों को लेकर हुए विवाद के तुरंत बाद ट्रंप प्रशासन ने अत्याधुनिक जीपीयू की बिक्री पर निर्यात संबंधी प्रतिबंध और सख्त कर दिए। आने वाले समय में एआई चिप की मांग बढ़ती रहने की संभावना है, क्योंकि दुनिया की बड़ी कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनियां एक-दूसरे से ज्यादा सक्षम मॉडल बनाने की होड़ में लगी हैं, लेकिन इस तेजी की कुछ वास्तविक सीमाएं भी हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के आंकड़ा केंद्रों (डेटा सेंटर्स) को चलाने के लिए बहुत ज्यादा बिजली की जरूरत होती है।

इससे बिजली की लागत और स्थानीय समुदायों पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। एनवीडिया समेत दुनिया की सबसे आधुनिक एआई चिप का निर्माण मुख्य रूप से एक ही कंपनी करती है। यह ताइवान की चिप निर्माता कंपनी ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (टीएसएमसी) है।

एआई हार्डवेयर की बढ़ती मांग ने स्मृति चिप की आपूर्ति पर भी दबाव बढ़ा दिया है। इसका असर खेलों के लिए इस्तेमाल होने वाले ग्राफिक्स कार्ड और स्मार्टफोन तक पर पड़ रहा है और इनकी कमी देखने को मिल रही है। एनवीडिया को एएमडी, क्लाउड सेवाएं देने वाली उन कंपनियों से भी सीधी चुनौती मिल रही है, जो अपनी चिप खुद बना रही हैं।

इसके अलावा कई नई नवाचार कंपनियां भी इस क्षेत्र में उतर चुकी हैं। ये सभी कंपनियां दावा कर रही हैं कि वे कम लागत और कम बिजली खर्च में कृत्रिम बुद्धिमत्ता को चला सकती हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एनवीडिया अपने सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की बढ़त को बनाए रख पाएगी और इन नई चुनौतियों का सामना कर सकेगी?

यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता उद्योग के सामने मौजूद सबसे बड़े अनसुलझे सवालों में से एक है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़