Former IPS Sanjay Kumar Singh ने अपनी बुक में किया Aryan Khan Drug Case का जिक्र, जानें क्या लिखा?

Former IPS officer Sanjay Kumar Singh
ANI
एकता । Nov 29 2026 3:55PM

कॉर्डेलिया क्रूज केस की जांच करने वाली एसआईटी के पूर्व प्रमुख संजय कुमार सिंह ने अपनी किताब में बताया कि आर्यन खान के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं थे। उन्होंने फोन जब्ती और मेडिकल जांच न कराने जैसी प्रक्रियागत कमियों को उजागर किया। पूछताछ के दौरान बिना ड्रग्स मिले खुद को तस्कर बताए जाने पर आर्यन काफी भावुक हो गए थे।

मुंबई के चर्चित कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स केस की दोबारा जांच करने वाली नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की विशेष जांच टीम के प्रमुख रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी संजय कुमार सिंह ने मामले को लेकर कई नए खुलासे किए हैं। अपनी आने वाली किताब ‘कोड ऑफ ऑनर’ में उन्होंने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से हुई बातचीत का जिक्र किया है। संजय के मुताबिक, जांच के दौरान आर्यन ने खुद को ड्रग्स तस्कर और फाइनेंसर बताए जाने पर सवाल उठाए थे। बातचीत के दौरान वह कई बार भावुक भी हो गए थे।

संजय कुमार सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि आर्यन खान के खिलाफ मिले सबूत उन्हें आगे चार्जशीट दाखिल करने के लिए पर्याप्त नहीं लगे थे। उन्होंने जांच के दौरान मोबाइल फोन जब्त करने और उसकी प्रक्रिया में हुई कमियों पर भी सवाल उठाए।

आर्यन के दोस्त के पास मिले थे ड्रग्स, लेकिन उनके खिलाफ सबूत नहीं थे

एएनआई को दिए इंटरव्यू में संजय कुमार सिंह ने कहा कि आर्यन खान के खिलाफ जो सबूत मिले थे, वे पर्याप्त नहीं थे। उन्होंने बताया कि आर्यन के दोस्त के पास ड्रग्स मिले थे, लेकिन आर्यन के खिलाफ ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं था, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मामला आगे बढ़ाया जा सके।

पूर्व अधिकारी ने जांच में हुई कुछ प्रक्रियागत गलतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय आर्यन का मोबाइल फोन जब्त करने का कोई ठोस आधार नहीं था, फिर भी फोन ले लिया गया। इतना ही नहीं, फोन जब्त करने का कोई औपचारिक रिकॉर्ड भी नहीं बनाया गया। उनके मुताबिक, ड्रग्स से जुड़े मामले में यह गंभीर चूक थी।

संजय सिंह ने बताया कि आर्यन के फोन से मिले व्हाट्सऐप चैट में भी केस से जुड़ी कोई अहम जानकारी नहीं थी। इसके अलावा, उन पर ड्रग्स के सेवन का आरोप लगाया गया, लेकिन उनका कोई मेडिकल टेस्ट या जांच नहीं कराई गई, जबकि ऐसा किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सभी सबूतों की जांच के बाद एसआईटी इस नतीजे पर पहुंची कि आर्यन खान और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ आगे कार्रवाई करने के लिए पर्याप्त सामग्री नहीं है। इसके बाद तत्कालीन एनसीबी निदेशक ने उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं करने का आदेश दिया था।

इसे भी पढ़ें: चेन्नई में होनी थी सियासी बैठक, मां की बिगड़ी तबीयत ने बदला MK Stalin का कार्यक्रम

आर्यन ने कहा था- आपने मुझे इंटरनेशनल ड्रग्स तस्कर बना दिया

अपनी किताब में संजय कुमार सिंह ने आर्यन खान से हुई एक भावुक बातचीत का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि पूछताछ के दौरान आर्यन ने इस बात पर नाराजगी जताई थी कि उन्हें बिना ड्रग्स बरामद हुए भी अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर और फाइनेंसर के तौर पर पेश किया जा रहा है।

संजय सिंह के मुताबिक, आर्यन ने उनसे कहा था, "सर, आपने तो मुझे इंटरनेशनल तस्कर बना दिया। आपने मुझे ड्रग्स फाइनेंसर बना दिया। क्या यह सही है? एनसीबी को मेरे पास से ड्रग्स भी नहीं मिले थे।" हालांकि, किताब के इस हिस्से में संजय सिंह ने आर्यन का नाम सीधे तौर पर नहीं लिखा है। लेकिन उनके बताए घटनाक्रम को अक्टूबर 2021 में गिरफ्तार हुए शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जोड़कर देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: Rahul Gandhi की अपील पर MK Stalin का दोटूक जवाब, बोले- तमिलनाडु के हितों से पीछे नहीं हटेंगे

आर्यन ने जांच में फंसाने की साजिश का लगाया था आरोप

संजय सिंह ने किताब में लिखा है कि एसआईटी के सामने पूछताछ के दौरान आर्यन ने जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए थे। आर्यन का आरोप था कि उन्हें झूठे सबूतों, बयानों और ऐसी घटनाओं के जरिए फंसाने की कोशिश की जा रही थी, जो वास्तव में हुई ही नहीं थीं। पूर्व अधिकारी के मुताबिक, आर्यन ने जांच के दौरान उनके सामने अपनी बात रखी थी। हालांकि, संजय सिंह ने कहा कि जांच अधिकारी के तौर पर उनका ध्यान हमेशा जुटाए गए सबूतों पर ही रहा।

आर्यन ने संजय सिंह से शाहरुख खान से बात करने की अपील की थी

संजय कुमार सिंह ने अपनी किताब में बातचीत का एक और हिस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि आर्यन ने उनसे एक ऐसी अपील की थी, जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। आर्यन ने उनसे अपने पिता शाहरुख खान से बात करने को कहा था।

संजय सिंह के मुताबिक, आर्यन चाहते थे कि वह जांच और उनकी गैरमौजूदगी को लेकर उनके पिता से बातचीत करें। पूर्व अधिकारी ने लिखा कि उन्हें लगा कि शायद आर्यन अपने पिता की भागीदारी या प्रभाव को इस मामले से जोड़कर देख रहे थे। हालांकि, उन्होंने जांच की निष्पक्षता बनाए रखने को सबसे जरूरी माना।

इसे भी पढ़ें: Chamkaur Sahib में बदले राजनीतिक समीकरण, AAP छोड़कर Charanjit Singh ने थामा अकाली दल का हाथ

बातचीत के दौरान कई बार भावुक हुए आर्यन खान

संजय सिंह ने किताब में आर्यन की मानसिक स्थिति का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि जब आर्यन उन्हें पूरे घटनाक्रम के बारे में बता रहे थे, तो कई बार भावुक होकर रो पड़े। पूर्व अधिकारी के मुताबिक, आर्यन पर जांच के दौरान काफी दबाव था। इसके बाद मीडिया में लगातार हुई चर्चा ने भी उन पर असर डाला था। संजय सिंह ने लिखा कि बातचीत के दौरान उनकी भावनाएं साफ नजर आ रही थीं और इस पूरे घटनाक्रम का उन पर गहरा असर पड़ा था।

2021 में हुई थी आर्यन खान की गिरफ्तारी

अक्टूबर 2021 में एनसीबी ने मुंबई में कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा था। इस दौरान आर्यन खान समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया था। आर्यन को बाद में जमानत मिल गई थी।

शुरुआत में मामले की जांच एनसीबी की मुंबई टीम कर रही थी। हालांकि, जांच में गड़बड़ियों के आरोप सामने आने के बाद इसकी जिम्मेदारी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व वाली एसआईटी को सौंप दी गई थी। उस समय संजय एनसीबी के उप महानिदेशक थे और दिल्ली मुख्यालय से मुंबई भेजे गए थे।

मई 2022 में एनसीबी ने चार्जशीट दाखिल की, जिसमें आर्यन खान का नाम शामिल नहीं था। अब संजय कुमार सिंह अपनी पहली किताब ‘कोड ऑफ ऑनर’ में इस जांच और उससे जुड़े अनुभवों के बारे में बता रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़