यूक्रेन संकट : ऑपरेशन गंगा के तहत बृहस्पतिवार को अंतिम निकासी उड़ान का संचालन होगा

India Evacuation

ऑपरेशन गंगा के तहत, अब तक यूक्रेन में फंसे हुए 17 हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को स्वदेश वापस लाया जा चुका है, जिनमें से अधिकतर छात्र हैं।

नयी दिल्ली| यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद भारतीय नागरिकों को वहां से सुरक्षित वापस लाने के लिए 12 दिन पहले शुरू किए गए ऑपरेशन गंगा का बृहस्पतिवार को अंतिम उड़ान के संचालन के साथ समापन हो जाएगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

ऑपरेशन गंगा के तहत, अब तक यूक्रेन में फंसे हुए 17 हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को स्वदेश वापस लाया जा चुका है, जिनमें से अधिकतर छात्र हैं।

इस मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम को इस अभियान के तहत अंतिम उड़ान का संचालन होगा। यूक्रेन में फंसे हुए लगभग सभी भारतीय नागरिकों को वापस लाने का कार्य बृहस्पतिवार तक पूरा हो जाएगा, इसलिए भारत इस अभियान का समापन कर रहा है।

हालांकि, कुछ अन्य स्थानों पर फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए भारत का अभियान जारी रहेगा। दरअसल, रूसी सेना के हमले के मद्देनजर यूक्रेन का हवाई क्षेत्र 24 फरवरी को ही बंद कर दिया गया था।

इसके बाद यूक्रेन के पड़ोसी देश रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड से विशेष उड़ानों के जरिए भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़