Pakistan के Balochistan में कोयला खदान विस्फोट, 34 खनिकों की मौत और बचाव अभियान जारी

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सोरेंज कोयला क्षेत्र की खदान में मीथेन गैस विस्फोट से कम से कम 34 खनिकों की मौत हो गई और 12 अन्य अब भी फंसे हुए हैं। बचाव दलों ने 22 श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया है और राहत कार्य जारी है। प्रांतीय सरकार ने मृतक खनिकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक कोयला क्षेत्र में मीथेन गैस के कारण हुए विस्फोट में कम से कम 34 खनिकों की मौत हो गई जबकि 12 अधिक खनिक अब भी फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना बृहस्पतिवार को क्वेटा के पास सोरेंज कोयला क्षेत्र में उस समय हुई, जब पारी बदलने के दौरान एक खदान में मीथेन गैस के कारण विस्फोट हो गया और इस विस्फोट से पास की एक अन्य खदान भी क्षतिग्रस्त हो गई और 50 से अधिक श्रमिक फंस गए।
करीब 4,000 फुट की गहराई में काम कर रहे खनिक विस्फोट और उसके बाद लगी आग की चपेट में आ गए। विस्फोट के कारण खदान के कई हिस्से ढह गए जिससे कई श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य जलते मलबे के नीचे फंस गए। प्रांतीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि बचाव दलों ने शुक्रवार सुबह तक 34 शव बरामद किए और फंसे हुए 22 श्रमिकों को बचा लिया।
मुख्य खान निरीक्षक मोहम्मद आतिफ के अनुसार, जिस खदान में शुरुआत में विस्फोट हुआ, उसमें 22 श्रमिक फंसे थे जबकि बाकी श्रमिक पास की अन्य खदान में फंस गए थे। ‘ऑल पाकिस्तान कोल माइनर्स एसोसिएशन’ के पीर मोहम्मद काकर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बृहस्पतिवार को पारी बदलने के दौरान मीथेन गैस अत्यधिक मात्रा में जमा हो जाने से भूमिगत विस्फोट हुआ। काकर ने कहा, ‘‘जब जमीन के इतने नीचे इस तरह के विस्फोट होते हैं तो किसी के जीवित बचने की संभावना कम हो जाती है क्योंकि खदान के प्रवेश और निकास मार्ग आम तौर पर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं।’’ बलूचिस्तान के खदान एवं खनिज मंत्री शोएब नोशेरवानी ने कहा कि बचाव दल बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रांतीय सरकार जारी बचाव अभियान के लिए हरसंभव मदद मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि सरकार घटना में मारे गए प्रत्येक खनिक के परिवार को पांच-पांच लाख पाकिस्तानी रुपये और प्रत्येक घायल श्रमिक को तीन-तीन लाख पाकिस्तानी रुपये का मुआवजा देगी। नोशेरवानी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि प्राधिकारी विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच करेंगे और ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए खदानों में सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जाएगी।
पाकिस्तान केंद्रीय खान श्रमिक महासंघ ने एक बयान जारी कर सरकार से सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और खदान सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
अन्य न्यूज़















