Balochistan में फिर दहला Pakistan, मई में 71 आतंकी हमले, रिपोर्ट ने खोली Security की पोल

Terror Attack
AI Generated

पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों में मई के दौरान 27 प्रतिशत की चिंताजनक वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें आत्मघाती हमलों की संख्या भी बढ़ी है। पीआईसीएसएस की रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों की मौतों में भारी इजाफा हुआ, जो देश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को दर्शाता है।

पाकिस्तान में पिछले महीने आतंकवाद से प्रेरित हिंसा में अप्रैल की तुलना में 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे देश में आतंकवाद से जुड़े खतरों की व्यापकता का पता चलता है। यह जानकारी एक ‘थिंक टैंक’ की रिपोर्ट में दी गई है। ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज’ (पीआईसीएसएस) द्वारा सोमवार को जारी मासिक सुरक्षा आकलन रिपोर्ट के अनुसार, सापेक्ष गिरावट की संक्षिप्त अवधि के बाद मई में उग्रवादी और आतंकी समूहों की सक्रियता फिर से बढ़ गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मई में पाकिस्तान में 128 आतंकवादी हमले दर्ज किए गए, जबकि अप्रैल में यह संख्या 101 थी, जो 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इसके अनुसार, मई में 71 नागरिक, 68 सुरक्षाकर्मी और शांति समितियों के छह सदस्य मारे गए, जबकि 147 नागरिक, 35 सुरक्षाकर्मी और शांति समितियों के तीन सदस्य घायल हुए। अप्रैल की तुलना में नागरिकों की मौतों की संख्या 37 से बढ़कर 71 हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों की मौतों की संख्या 28 से बढ़कर 68 हो गईं। रिपोर्ट में आत्मघाती हमलों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। मई में देश में छह आत्मघाती हमले हुए, जिनमें चार वाहन-आधारित आत्मघाती विस्फोट शामिल थे।

इन हमलों में अकेले 34 सुरक्षाकर्मी और नौ नागरिक मारे गए। इसके विपरीत, मार्च और अप्रैल में केवल एक-एक आत्मघाती हमला दर्ज किया गया था, जो आत्मघाती हमलों के उपयोग में बढ़ोतरी का संकेत देता है। रिपोर्ट के अनुसार, मई में सबसे अधिक प्रभावित प्रांत बलूचिस्तान रहा, जहां 71 आतंकवादी हमले दर्ज किए गए, जबकि अप्रैल में यह संख्या 34 थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़