S Jaishankar ने Raisina Tokyo में गिनाईं 5 चुनौतियां, तकनीक के हथियारीकरण पर जताई चिंता

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रायसीना टोक्यो कार्यक्रम में मौजूदा वैश्विक व्यवस्था की पांच प्रमुख विशेषताएं रेखांकित कीं। इनमें व्यवस्थागत झटके, संसाधनों व तकनीक का हथियारीकरण, अधिक जोखिम, डी-रिस्किंग और भरोसेमंद साझेदारियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बदलते अंतरराष्ट्रीय माहौल में भारत और जापान के लिए आपसी संबंधों को मजबूत करने का यह सही समय है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को मौजूदा वैश्विक व्यवस्था की पांच प्रमुख विशेषताओं का जिक्र किया। इनमें अंतरराष्ट्रीय प्रणाली को बार-बार लगने वाले झटके, संसाधनों और तकनीक का हथियारों की तरह इस्तेमाल, जोखिम लेने की बढ़ती प्रवृत्ति, आर्थिक जोखिम कम करने की कोशिशें और भरोसेमंद साझेदारियों का बढ़ता महत्व शामिल हैं। 'रायसीना टोक्यो 2026' के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि कोविड-19 महामारी, बड़े संघर्षों, व्यापार में रुकावटों और आर्थिक अस्थिरता जैसी कई घटनाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में तेजी से बदलाव आ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: Italy Parliament ने यहूदी-विरोधी भावना से निपटने वाले कानून को दी अंतिम मंजूरी
जयशंकर ने कहा आइए दुनिया की मौजूदा स्थिति से शुरुआत करते हैं। मेरी नजर में, इसकी पांच मुख्य विशेषताएं हैं।" उन्होंने पहली विशेषता के रूप में अंतरराष्ट्रीय प्रणाली को लगने वाले झटकों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कई दशकों तक वैश्वीकरण के जरिए लगातार विकसित होने वाली यह व्यवस्था, अब एक के बाद एक कई चुनौतियों से जूझ रही है जैसे कोविड महामारी, दो बड़े संघर्ष, व्यापार में रुकावटें और आर्थिक अस्थिरता। विदेश मंत्री ने दूसरी प्रमुख विशेषता के तौर पर संसाधनों और तकनीक के 'हथियारीकरण' और 'चोकपॉइंट्स' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे संसाधनों, ऊर्जा, बाजार तक पहुंच, तकनीक और वित्त का इस्तेमाल रणनीतिक हथियारों के रूप में बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा, "संसाधन हों या ऊर्जा, बाजार तक पहुंच हो, तकनीक हो या फिर वित्त - वैश्विक आर्थिक गतिविधियों के हर पहलू का इस्तेमाल संबंधित पक्षों द्वारा खुले तौर पर हथियारों की तरह किया जा रहा है। 'चोकपॉइंट्स' और 'गेटवे' (चाहे वे भौतिक हों या वर्चुअल) भी अब रणनीतिक एजेंडे का हिस्सा बन गए हैं। दुर्भाग्य से, नियमों, मानदंडों और मान्यताओं का दौर तेजी से खत्म हो रहा है। तीसरी विशेषता के रूप में अधिक जोखिम उठाने की प्रवृत्ति का जिक्र करते हुए, जयशंकर ने कहा कि अत्यधिक प्रतिस्पर्धा की मानसिकता और अपनी बढ़त को ठोस नतीजों में बदलने की चाहत, अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को काफी हद तक आकार दे रही है। उन्होंने बताया कि चौथी विशेषता 'जोखिम कम करना' (डी-रिस्किंग) और 'विविधीकरण' है। वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच, खासकर बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की ओर से, यह एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया के रूप में सामने आया है।
इसे भी पढ़ें: देश-विदेश के बड़े घटनाक्रम: Rahul Gandhi का बयान और Delhi Court के अहम आदेश
उन्होंने कहा अब हमारे फैसले लागत और दक्षता से कम, बल्कि विश्वसनीयता और विकल्पों की विविधता पर ज्यादा निर्भर हैं। नई सप्लाई चेन और नई आर्थिक व्यवस्थाएं आकार ले रही हैं। किसी एक जगह पर अत्यधिक निर्भरता (ओवर-कंसंट्रेशन) के खतरों को अब ज्यादा महसूस किया जा रहा है, इसलिए हम सभी या तो विकल्प तलाश रहे हैं या फिर इन खतरों को कम करने के तरीके खोज रहे हैं।" पांचवीं विशेषता पर प्रकाश डालते हुए, जयशंकर ने कहा कि अनिश्चित अंतरराष्ट्रीय माहौल में देशों और व्यवसायों के लिए भरोसेमंद साझेदारियां और भी महत्वपूर्ण होती जा रही हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे अनिश्चित दौर में, देश और कंपनियां भरोसेमंद साझेदारों और छोटी सप्लाई चेन को कहीं अधिक महत्व दे रही हैं। हम इस बात को लेकर भी काफी सतर्क हो गए हैं कि कहीं नियमों के साथ कोई चालाकी न की जाए, और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि नियमों का इस्तेमाल उन लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए न हो, जो खुद इन नियमों का पालन करते हैं।" उद्घाटन समारोह में, जयशंकर ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच भारत और जापान के लिए अपने संबंधों को और मजबूत करने का यह बिल्कुल सही समय है।
अन्य न्यूज़













