Prabhasakshi NewsRoom: Indian Border के पास चप्पे चप्पे पर पहरा दे रहा Bangladesh, Sheikh Hasina की वापसी के ऐलान के चलते कर्फ्यू जैसे हालात

हम आपको बता दें कि शेख हसीना ने दिसंबर में स्वदेश लौटने की इच्छा जाहिर की है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, 16 दिसंबर यानी बांग्लादेश के विजय दिवस पर उनकी वापसी की योजना है। यह तारीख अपने आप में राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है।
भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा का पहरा अचानक और सख्त कर दिया गया है। बांग्लादेश ने सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। वजह है पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित स्वदेश वापसी, जिसने ढाका की मौजूदा सत्ता के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। हम आपको बता दें कि कभी 15 वर्षों तक बांग्लादेश की राजनीति पर एकछत्र राज करने वाली शेख हसीना आज भले ही भारत में रह रही हों, लेकिन उनकी वापसी की आहट ने बांग्लादेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। सत्ता पक्ष बेचैन है, विरोधी खेमे में हलचल है और सड़कों पर हिंसा का दौर शुरू हो चुका है। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि शेख हसीना की वापसी बांग्लादेश की मौजूदा सत्ता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती दिखाई दे रही है।
हम आपको बता दें कि शेख हसीना ने दिसंबर में स्वदेश लौटने की इच्छा जाहिर की है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, 16 दिसंबर यानी बांग्लादेश के विजय दिवस पर उनकी वापसी की योजना है। यह तारीख अपने आप में राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। दूसरी तरफ, बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने साफ कर दिया है कि हसीना के देश में कदम रखते ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शेख हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक कार्रवाई के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। उनकी पार्टी अवामी लीग की गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में उनकी वापसी की घोषणा ने बांग्लादेश की राजनीति को गरमा दिया है।
इसे भी पढ़ें: Sheikh Hasina Bangladesh Return News: शेख हसीना की वतन वापसी पर क्या बड़ा ऐलान, बांग्लादेश लाने के लिए भेजेगा विमान?
साथ ही इस राजनीतिक उथल-पुथल का सबसे गंभीर असर भारत-बांग्लादेश सीमा पर दिखाई दे रहा है। बांग्लादेश ने सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 108 प्लाटून तैनात कर दी हैं। इनमें अकेले शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में 56 प्लाटून लगाई गई हैं। इसके अलावा चार अतिरिक्त प्लाटून को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है। भारत से सटे 30 सीमावर्ती जिलों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सीमावर्ती रास्तों पर गश्त बढ़ाई गई है, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और हथियारों तथा विस्फोटकों की अवैध आवाजाही रोकने के लिए तलाशी अभियान तेज किया गया है।
देखा जाये तो सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने की एक बड़ी वजह यह आशंका भी है कि अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता भारत में मौजूद अपने ठिकानों से बांग्लादेश में प्रवेश कर सकते हैं। बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए गुप्त हमले और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है। पश्चिम बंगाल के पेट्रापोल सीमा क्षेत्र में अवामी लीग के चार वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने भी अटकलों को हवा दी है। वहीं, जशोर के बेनापोल सीमा क्षेत्र में BGB ने निगरानी और सख्त कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम ने भारत-बांग्लादेश सीमा को एक संवेदनशील राजनीतिक और सुरक्षा मोर्चे में बदल दिया है।
उधर, बांग्लादेश के भीतर हालात इससे भी ज्यादा विस्फोटक हैं। नवंबर में वाहनों को आग के हवाले करने, देसी बम फेंकने, पुलिस प्रतिष्ठानों पर हमले और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं। 7 से 19 नवंबर के बीच देशभर में 83 वाहनों को आग लगाने और 87 स्थानों पर कच्चे बम फेंके जाने की जानकारी सामने आई। गोपालगंज में पुलिस थानों और सत्तारुढ़ BNP के नेताओं के घरों को निशाना बनाया गया। चटगांव में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आगजनी की घटना हुई। नारायणगंज, ढाका और दूसरे इलाकों में भी हिंसा का असर दिखाई दिया। पुलिस ने सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
वहीं अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान भी प्रचारित किया है। इससे सरकार की चिंता और बढ़ गई है। एक तरफ शेख हसीना समर्थक उनकी वापसी की मांग को लेकर लामबंद होने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ BNP सरकार उन्हें देश में प्रवेश करते ही गिरफ्तार करने की घोषणा कर रही है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार इस मुद्दे पर भारत से भी लगातार प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।
इस बीच भारत ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि शेख हसीना की स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने की इच्छा और बांग्लादेश सरकार की ओर से किए गए प्रत्यर्पण अनुरोध को दो अलग-अलग मामलों के रूप में देखा जाना चाहिए। प्रत्यर्पण अनुरोध पर भारत अपनी स्थापित प्रक्रियाओं के तहत विचार कर रहा है।
बहरहाल, शेख हसीना की वापसी का सवाल अब बांग्लादेश की राजनीति का सबसे बड़ा शक्ति परीक्षण बन चुका है। 15 वर्षों तक देश की सत्ता संभालने वाली नेता की वापसी की घोषणा ने मौजूदा सरकार के सामने ऐसी चुनौती खड़ी कर दी है, जिसका असर सिर्फ ढाका तक सीमित नहीं रहने वाला। सीमा पर सैनिकों की तैनाती, शहरों में आगजनी, राजनीतिक हत्याएं, बम धमाके और गिरफ्तारी की धमकियां इस बात का संकेत हैं कि बांग्लादेश में सत्ता संघर्ष एक नए और बेहद खतरनाक दौर में प्रवेश कर चुका है। अब पूरी दुनिया की नजर 16 दिसंबर पर टिकी है।
अन्य न्यूज़














