SpaceX के Starship ने रचा इतिहास, लॉन्च टॉवर ने पहली बार हवा में पकड़ा

एलन मस्क की निजी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स के स्टारशिप अंतरिक्ष यान ने शनिवार को पृथ्वी पर वापसी के दौरान प्रक्षेपण स्थल पर हवा में पकड़े जाने की ऐतिहासिक सफलता पाई। यह यान 22 घंटे की उड़ान और पृथ्वी के 14 चक्कर पूरे करने के बाद सुरक्षित उतरा। हालांकि रॉकेट के पहले चरण का बूस्टर समुद्र में गिरकर नष्ट हो गया, लेकिन यान की इस सुरक्षित वापसी ने रॉकेट के पुन: उपयोग की तकनीक को नई मजबूती दी है।
अमेरिका की निजी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स का स्टारशिप अंतरिक्ष यान शनिवार को सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आया और प्रक्षेपण स्थल पर लगे विशाल यांत्रिक हाथों ने उसे हवा में ही पकड़ लिया। यान ने 22 घंटे पहले इसी स्थल से उड़ान भरी थी। यह एलन मस्क और उनकी टीम की उम्मीदों के मुताबिक उड़ान का शानदार समापन था।
यह पहला मौका है जब अंतरिक्ष से लौटे स्टारशिप को हवा में ही पकड़ा गया। हालांकि, शुक्रवार को टेक्सास से प्रक्षेपण के कुछ ही देर बाद रॉकेट के पहले चरण के बूस्टर में विस्फोट होने के कारण कंपनी एक ही उड़ान में रॉकेट के दोनों हिस्सों को पकड़ने की उपलब्धि हासिल करने से चूक गई। चंद्रमा और मंगल ग्रह की यात्रा में तेजी लाने के लिए कंपनी यह लक्ष्य हासिल करना चाहती है।
बूस्टर का मलबा मेक्सिको की खाड़ी में पड़ा था और इस बीच, स्टेनलेस स्टील से बना गोली के आकार का अंतरिक्ष यान प्रक्षेपण स्थल पर सीधा नीचे उतरा। ‘साइंस फिक्शन’ फिल्मों जैसे इस रोमांचक दृश्य ने बूस्टर को पकड़ने में मिली नाकामी को काफी हद तक भुला दिया। स्पेसएक्स के टिप्पणीकार डैन हुओट ने एक-एक शब्द पर जोर देते हुए उत्साह से कहा, ‘‘क्या आप इस पर यकीन कर सकते हैं?
इसे देखिए! यह वापस आ गया है!’’ इसके कुछ ही देर बाद मस्क ने अपनी ‘‘बेहतरीन टीम’’ को बधाई दी। स्पेसएक्स के अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक पकड़ने से यह साबित हुआ है कि स्टारशिप का पूरी तरह दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
रॉकेट के हिस्सों का कम लागत पर दोबारा इस्तेमाल करने के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बूस्टर को वापस हासिल करने की कोशिश शुक्रवार को भले ही नाकाम रही लेकिन कंपनी इससे पहले तीन बार बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुकी है। इससे इस तकनीक की उपयोगिता साबित हो चुकी है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भी शनिवार की इस उपलब्धि का स्वागत किया। नासा आर्टेमिस मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को इस दशक के अंत में चंद्रमा पर उतारने और वहां स्थायी चंद्र आधार बनाने में मदद के लिए स्पेसएक्स को अरबों डॉलर का भुगतान कर रहा है। हालांकि, मस्क की महत्वाकांक्षा इससे भी बड़ी है।
वह मंगल ग्रह पर एक शहर बसाने के लिए स्टारशिप अंतरिक्ष यानों का एक बेड़ा भेजना चाहते हैं। नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह लगभग जादू जैसा था। हर गुजरते दिन के साथ इस पर विश्वास करने वालों की संख्या बढ़ रही है... हम चंद्रमा पर अमेरिकी ध्वज फहराने के एक कदम और करीब पहुंच गए हैं।’’ दुनिया के सबसे बड़े और सबसे शक्तिशाली रॉकेट स्टारशिप ने शुक्रवार को अमेरिका और मेक्सिको की सीमा के पास स्थित स्पेसएक्स के स्टारबेस प्रक्षेपण केंद्र से उड़ान भरी थी।
इस रॉकेट की ऊंचाई 407 फुट (124 मीटर) है। अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा और उसने स्पेसएक्स के 26 उन्नत स्टारलिंक उपग्रहों को अंतरिक्ष में छोड़ा। स्टारशिप करीब 265 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी के चक्कर लगाता रहा।
इस दौरान स्टारलिंक के जरिए अंतरिक्ष यान और पृथ्वी की तस्वीरों का सीधा प्रसारण किया गया। अंतरिक्ष यान ने पृथ्वी के 14 चक्कर पूरे किए। इससे पहले के परीक्षण में उसने पृथ्वी के केवल एक से दो चक्कर लगाए थे।
वर्ष 2023 से अब तक पूर्ण आकार के स्टारशिप की यह 15वीं परीक्षण उड़ान थी और वह दूसरी बार पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा था। स्पेसएक्स ने बताया कि महत्वपूर्ण ताप रोधी कवच समेत अंतरिक्ष यान की सभी प्रणालियों ने सही तरीके से काम किया। बूस्टर के बारे में स्पेसएक्स की केट टाइस ने बताया कि वापसी के दौरान उसके इंजन समय से पहले बंद हो गए थे।
बूस्टर की दिशा नियंत्रित करने वाली प्रणाली को पता चल गया था कि वह निर्धारित स्थिति में नहीं है। इसके बाद प्रणाली ने उसे स्वचालित रूप से समुद्र की ओर मोड़ दिया और उसे नष्ट कर दिया। इंजीनियर इस गड़बड़ी के कारणों की अब भी जांच कर रहे हैं।
अन्य न्यूज़














