श्रीलंकाई प्राधिकारियों ने पश्चिमी तटीय से कर्फ्यू हटाया

sri-lankan-authorities-removed-curfew-from-western-coast

सरकार ने हालात नियंत्रित करने के लिए फेसबुक एवं व्हाट्सऐप समेत कुछ सोशल मीडिया साइटों को रात में प्रतिबंधित कर दिया था। इस प्रतिबंध को भी सोमवार सुबह हटा दिया गया।

कोलंबो। श्रीलंकाई प्राधिकारियों ने पश्चिमी तटीय शहर नेगोम्बो में रात भर लगा कर्फ्यू सोमवार को हटा दिया। श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर आतंकवादी हमलों के कुछ ही दिनों बाद नेगोम्बो में सप्ताहांत में लोगों के समूहों के बीच हिंसा हुई थी। नेगोम्बो समेत देश में ईस्टर के दिन हुए आतंकवादी हमलों में 250 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। शहर के पोराथोटा क्षेत्र में तिपहिया वाहन पर जा रहे कुछ लोगों पर बदमाशों के एक समूह ने तलवारों से हमला कर दिया था, जिसके बाद रविवार को कर्फ्यू लगाया गया था। बदमाशों ने तिपहिया वाहन को भी आग लगा दी थी। पुलिस प्रवक्ता रूवान गुणशेखरा ने सोमवार को बताया कि नेगोम्बो में शांति रही और सुबह सात बजे कर्फ्यू हटा दिया गया।

इसे भी पढ़ें: श्रीलंका में जनता के लिए धारदार हथियार सौंपने की समयसीमा 48 घंटे बढाई

सरकार ने हालात नियंत्रित करने के लिए फेसबुक एवं व्हाट्सऐप समेत कुछ सोशल मीडिया साइटों को रात में प्रतिबंधित कर दिया था। इस प्रतिबंध को भी सोमवार सुबह हटा दिया गया। पुलिस ने बताया कि किसी बात को लेकर बहस के बाद हिंसा हुई थी। शहर में एहतियातन प्रतिबंध लगाया गया था। इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिंसा के संबंध में जांच की जा रही है। इस बीच कोलंबो के मुख्य पादरी कार्डिनल मैल्कम रंजीत ने कहा कि यह दो समूहों के बीच एक निजी झड़प थी। उन्होंने लोगों से शांत रहने की अपील की।

इसे भी पढ़ें: श्रीलंका पुलिस ने पश्चिमी तटीय शहर में फिर से लगाया कर्फ्यू

देश के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने झड़पों के पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने की घोषणा की। इस बीच प्राधिकारियों ने ईस्टर के दिन हुए बम विस्फोटों के बाद संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई के तहत जनता के लिए तलवार, कटार, धारदार हथियार और सेना की वर्दी से मिलते जुलते कपड़े सौंपने की समय-सीमा सोमवार को 48 घंटे के लिए बढ़ा दी। शनिवार को श्रीलंकाई पुलिस ने मस्जिदों और घरों की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने के बाद जनता से धारदार हथियार नजदीकी पुलिस थानों में जमा कराने के लिए कहा था। देश में दो सप्ताह पहले ईस्टर के दिन हुए आतंकवादी हमलों के बाद से बंद स्कूल सोमवार को फिर से खुल गए। ‘न्यूज फर्स्ट’ चैनल ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच छठी से 13वीं तक की कक्षाओं में पढ़ाई आरंभ हुई। पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं की पढ़ाई 13 मई को आरंभ होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़