ब्रिटेन में सबसे आम भारतीय सरनेम है पटेल: शब्दकोश

[email protected] । Nov 17 2016 5:45PM

ब्रिटेन में आज जारी हुए ऑक्सफोर्ड शब्दकोश के अनुसार देश में सबसे आम भारतीय सरनेम (उपनाम) पटेल है। नए शब्दकोश में जगह पाने वाला दूसरा सरनेम है ‘‘चक्रबर्ती’’।

लंदन। ब्रिटेन में आज जारी हुए ऑक्सफोर्ड शब्दकोश के अनुसार देश में सबसे आम भारतीय सरनेम (उपनाम) पटेल है। ‘ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ऑफ फैमिली नेम्स इन ब्रिटेन एंड आयरलैंड’ में करीब 50,000 उपनामों का मूल खोजा जा रहा है। यह ब्रिटेन में अपनी तरह का सबसे बड़ा अध्ययन है। अध्ययन के अनुसार, ‘‘सबसे आम भारतीय सरनेम, पटेल हिन्दू और पारसी समाज में गांव के चरवाहे के लिए उसकी प्रतिष्ठा वाला नाम हुआ करता था। यह ब्रिटेन में सबसे आम भारतीय सरनेम है और 2011 की जनसंख्या के अनुसार एक लाख ये ज्यादा लोग इसका प्रयोग करते हैं।’’

नए शब्दकोश में जगह पाने वाला दूसरा सरनेम है ‘‘चक्रबर्ती’’ जो संस्कृत शब्द ‘‘चक्रवर्ती’’ से बना है। चक्रवर्ती प्राचीन काल में उन सम्राट को कहते थे, जिनका रथ बिना किसी अवरोध के कहीं भी जा सकता था। इस अध्ययन में ग्यारहवीं सदी के ब्रिटिश और आयरिश दस्तावेजों का विश्लेषण किया गया है। ब्रिस्टल स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न इंग्लैंड (यूडब्ल्यूई) में भाषा विज्ञान के प्रोफेसर रिचर्ड कोएट के अनुसार, ‘‘मौजूद अध्ययनों के मुकाबले, हमारे अध्ययन में नवीनतम साक्ष्यों और तकनीकों का प्रयोग कर ज्यादा विस्तृत और सही संसाधन जुटाने का प्रयास किया गया है।’’ सबसे आम 20,000 सरनेम में से आधे ऐसे हैं जो स्थानों पर आधारित हैं और इनका पांचवां हिस्सा निकनेम है। जबकि करीब आठ प्रतिशत पेशे पर आधारित हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़