Khyber Pakhtunkhwa के टैंक में हथियारबंद लोगों ने 3 Polio कर्मियों को अगवा किया

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के टैंक जिले में टीकाकरण अभियान में जुटे तीन स्वास्थ्यकर्मियों का अज्ञात हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया। पुलिस के मुताबिक अपहृत कर्मियों की पहचान मीर जनन, इकराम और खानजाला के तौर पर हुई है। इस क्षेत्र में पोलियो दलों पर लगातार हो रहे हमलों ने स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में जारी टीकाकरण अभियान के दौरान अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पोलियो टीकाकरण से जुड़े तीन कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हथियारबंद लोग इन तीनों कर्मचारियों को खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले से अगवा करके किसी अज्ञात जगह पर ले गए।
अपहृत कर्मचारियों की पहचान मीर जनन, इकराम और खानजाला के रूप में हुई है। टैंक जिला प्रशासन ने भी अपहरण की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सोरघर इलाके से पोलियो टीकाकरण से जुड़े तीन कर्मचारियों को अगवा कर लिया है। खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीकाकरण दलों को निशाना बनाकर किए जा रहे अपहरण और हमलों की कई घटनाओं के बीच यह वाकया सामने आया है।
टैंक जिले के शेख अत्तर इलाके से अज्ञात हथियारबंद लोगों ने दो नवंबर को चार पोलियो कर्मचारियों का अपहरण कर लिया था। वहीं, लोअर साउथ वजीरिस्तान के आजम वारसक से अगवा किए गए दो अन्य टीकाकरण कर्मियों को बाद में मुक्त कर दिया गया। खैबर जिले के जमरूद के चपरी इलाके से चार नवंबर को पोलियो अभियान के पर्यवेक्षक जलील खान का अपहरण कर लिया गया था।
एक अन्य घटना में तीन नवंबर को मोहमंद जिले में पोलियो टीकाकरण टीम की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। बार-बार हो रही इन घटनाओं से पोलियो उन्मूलन के लिए देशव्यापी अभियान में जुटे अग्रिम मोर्चे के स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
अन्य न्यूज़














