US Governors और सांसदों ने भारतीय समुदाय के साथ मनाई Diwali, मंदिरों में जलाए दीये

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका भर में विभिन्न राज्यों के गवर्नरों, सांसदों और जन प्रतिनिधियों ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ मिलकर दिवाली का पावन पर्व मनाया। कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने राज्य में पहली बार आधिकारिक अवकाश का उल्लेख किया, जबकि कई नेताओं ने मंदिरों में जाकर दीये प्रज्वलित किए। इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में दीया जलाया था।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, नौ नवंबर अमेरिका में कई गवर्नर, सांसदों और सरकारी अधिकारियों ने पारंपरिक दीये जलाए और पूरे देश में मंदिरों में जाकर भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ मिलकर दिवाली मनाई। अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने दिवाली के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। कनेक्टिकट के गवर्नर नेड लैमोंट राज्य के ‘कैपिटल’ (विधान भवन) में आयोजित दिवाली समारोह में शामिल हुए।

कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करके दिवाली की बधाई दी जबकि कई सांसदों ने मंदिरों में जाकर इस उत्सव में हिस्सा लिया। न्यूसम ने कहा, ‘‘यह पहला साल है जब कैलिफोर्निया में दिवाली पर आधिकारिक अवकाश है।’’ पीले कुर्ते में नजर आए न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भारतीय-अमेरिकियों के बीच पारंपरिक दीया जलाया। मिशिगन के नवनिर्वाचित सीनेटर अब्दुल अल-सईद ने राज्य के नवनिर्वाचित स्पीकर रंजीव पुरी के साथ समारोह में हिस्सा लिया।

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल, मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर, वर्जीनिया की गवर्नर एबिगेल स्पैनबर्गर, मेरीलैंड के गवर्नर वेस मूर, न्यू जर्सी की गवर्नर मिक्की शेरिल, जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन केम्प, कोलोराडो के गवर्नर जेरेड पोलिस और इलिनोइस के गवर्नर जे.बी. प्रित्जकर समेत कई अन्य लोगों ने दिवाली के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय खुफिया निदेशक की पूर्व प्रमुख तुलसी गबार्ड, सीनेटर कोरी बुकर, जॉन कॉर्निन, एंडी किम और टिम केन समेत कई सांसदों तथा प्रतिनिधि सभा के सदस्यों अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज, ब्रायन मैककॉर्मिक और अमी बेरा ने भी भारतीय-अमेरिकियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ में भारतीय मूल के उद्यमियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और अन्य प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में पारंपरिक दीया जलाकर दिवाली मनाई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़