Vivek Ramaswamy के कैंपेन विज्ञापन पर विवाद, ओहायो चुनाव में Amy Acton की मां को दिखाया

ओहायो के गवर्नर पद की दौड़ में विवेक रामास्वामी द्वारा जारी एक चुनावी विज्ञापन पर दोनों प्रमुख अमेरिकी दलों के नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। 60 सेकंड के इस प्रचार वीडियो में डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन की अलग रह रही मां को दिखाया गया है, जो मतदाताओं से अपनी बेटी को वोट न देने की अपील कर रही हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस विवाद के बीच रामास्वामी का बचाव किया है।
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 22 अक्टूबर अमेरिका में ओहायो के गवर्नर पद के दावेदार विवेक रामास्वामी द्वारा जारी एक चुनावी विज्ञापन में उनकी प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन की मां को दिखाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस विज्ञापन को लेकर रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों दलों के नेताओं ने नाराजगी जताई है। साठ सेकंड के इस विज्ञापन में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार एक्टन की मां डोना आर्थर उन्हें झूठा बताती हैं और ओहायो के मतदाताओं से उन्हें वोट नहीं देने की अपील करती हैं।
ओहायो के गवर्नर पद की दौड़ में एक्टन को रामास्वामी पर मामूली बढ़त हासिल है। एक्टन और उनकी मां के बीच विवाद है और 12 साल की उम्र से उनका अपनी मां से कोई संपर्क नहीं है। दरअसल एक ग्रैंड जूरी ने आर्थर के दूसरे पति पर एक्टन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप तय किया था जिसके बाद एक्टन और उनके भाई को उनकी मां के घर से ले जाया गया था।
एक्टन ने ‘एचक्यू न्यूज नाउ’ से कहा, ‘‘मैं ऐसे व्यक्ति को सामान्य नहीं मान सकती, जिसने कहा है कि मेरा बचपन ‘ऐसा है जिसकी मैं बस शिकायत करती रहती हूं।’ आज उसी व्यक्ति ने एक विज्ञापन जारी किया है, जिसमें मुझे जन्म देने वाली मेरी मां को दिखाया गया है। गंभीर दुर्व्यवहार, उपेक्षा और यौन शोषण के कारण मुझे 12 साल की उम्र में उनसे अलग कर दिया गया था।’’ हालांकि, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस विवाद का रामास्वामी से कोई लेना-देना है। वहीं, उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने अपने पुराने मित्र रामास्वामी का खुलकर समर्थन किया और उनकी आलोचना करने वाले रिपब्लिकन नेताओं को आड़े हाथ लिया।
इलिनॉय के गवर्नर जे बी प्रित्जकर की पत्नी एम के प्रित्जकर ने एक्टन के चुनाव प्रचार के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर के चंदे की घोषणा की। यह घोषणा उन खबरों के बाद की गई, जिनमें कहा गया था कि रामास्वामी का चुनाव प्रचार अभियान दल इस विवादित विज्ञापन पर 40 लाख अमेरिकी डॉलर खर्च कर रहा है। उन्होंने एक बयान में लिखा, ‘‘जब हम खड़े होकर मुकाबला करने से इनकार करते हैं, तो बुरे लोगों को सत्ता हासिल होती है।’’ उनके इस बयान को उनके पति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘रीट्वीट’ किया।
डेमोक्रेटिक नेता जे बी प्रित्जकर को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित उम्मीदवारों में गिना जाता है। रिपब्लिकन पार्टी के सांसद जॉन हस्टेड, दक्षिण कैरोलाइना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली, मेघन मैकेन और कई अन्य नेताओं ने इस विज्ञापन को बेहद आपत्तिजनक बताया। रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व रणनीतिकार और अब ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ अभियान के प्रमुख आलोचक माइक मर्फी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ओहायो में रामास्वामी का यह विज्ञापन राजनीतिक आत्महत्या जैसा है।’’ हालांकि, ट्रंप ने रामास्वामी का समर्थन करते हुए कहा, ‘‘मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता, लेकिन मैंने सुना है कि मां ने अपनी बेटी के साथ बहुत बुरा व्यवहार किया था और वह उनका ज्यादा सम्मान नहीं करतीं।
यह बहुत असामान्य बात है कि कोई मां अपनी बेटी से इतनी नफरत करे, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इसका विवेक से कोई लेना-देना है।’’ वेंस ने ओहायो में चुनाव प्रचार के दौरान रामास्वामी का खुलकर समर्थन किया और विज्ञापन की आलोचना करने वाले रिपब्लिकन नेताओं को भी निशाने पर लिया।
अन्य न्यूज़













