Karwa Chauth 2024: जानिए करवा चौथ पर सरगी कब खानी चाहिए?

करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है। करवा चौथ के व्रत में सरगी का विशेष महत्व होता है। इस दिन सास सरगी अपनी बहू को देती है। आइए जानते हैं करवा चौथ पर सरगी खाने का शुभ मुहूर्त और इसका महत्व।
इस साल करवा चौथ का व्रत 20 अक्टूबर 2024, रविवार को रखा जाएगा। पति की सलामती के लिए सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का व्रत रखती है। करवा चौथ का व्रत कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस दौरान सास द्वारा दी गई सरगी खाकर सुहागिनें व्रत की शुरुआत करती हैं। इसके बाद पूरे दिन निर्जला व्रत करने के बाद चंद्र दर्शन व अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलती है। आइए जानते हैं सरगी का मुहूर्त।
आखिर करवा चौथ की सरगी में क्या-क्या होता है?
खासतौर पर कई जगहों पर करवा चौथ व्रत की शुरुआत सरगी खाकर की जाती है। ये सरगी सास अपनी बहू को उपहार के रुप में देती है। सरगी में सूखे मेवे, फल, मिठाई, साड़ी, मेहंदी, बिंदी, बिछिया और शगुन के तौर पर अन्य श्रृंगार की चीजें रखी जाती हैं।
करवा चौथ पर सरगी खाने का शुभ मुहूर्त
आपको बता दें कि, सरगी सूर्योदय से 2 घंटे पहले खाई जाती है। इस साल करवा चौथ 20 अक्टूबर को है। इस दिन सूर्योदय सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर होगा। करवा चौथ के दिन सरगी स्नान आदि करने के बाद सुबह 4 बजकर 30 मिनट तक खा सकते हैं।
करवा चौथ पूजन का शुभ मुहूर्त
करवा चौथ पूजन का शुभ मुहूर्त शाम को 5 बजकर 45 मिनट से शाम 7 बजकर 1 मिनट तक रहेगा। वहीं, चांद निकलने का समय शाम 7.55 मिनट है। लेकिन अलग-अलग जगहों पर समय में परिवर्तन संभव है।
अन्य न्यूज़














