दिल्ली से सटी हरियाणा की सीमाओं पर विभिन्न कारणों से 68 लोगों की हुई मौत: अनिल विज

Anil Vij

गृह मंत्री अनिल विज ने सदन को बताया कि अब तक हरियाणा से मृत प्रदर्शनकारियों के परिजनों को नौकरी और वित्तीय सहायता देने के लिए राज्य सरकार के विचारार्थ कोई प्रस्ताव नहीं है।

चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने सोमवार को यहां विधानसभा में कहा कि केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली से सटी राज्य की सीमाओं पर प्रदर्शन के दौरान विभिन्न कारणों से 68 लोगों की मौत हुई है। दो कांग्रेस विधायकों द्वारा उठाए गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, विज ने कहा कि इनमें से 21 हरियाणा के थे जबकि 47 पंजाब के निवासी थे। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी तक इनमें से 51 लोगों की मौत स्वास्थ्य कारणों से हुई जबकि 15 की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई और दो ने आत्महत्या की। 

इसे भी पढ़ें: गन्ने की स्थिर कीमत, डीजल के बढ़ते दाम, आवार मवेशियों से परेशान उत्तर प्रदेश के किसान 

विज ने सदन को बताया कि अब तक हरियाणा से मृत प्रदर्शनकारियों के परिजनों को नौकरी और वित्तीय सहायता देने के लिए राज्य सरकार के विचारार्थ कोई प्रस्ताव नहीं है। कांग्रेस के दो विधायकों आफताब अहमद और इंदु राज नरवाल ने यह सवाल उठाया था। उन्होंने दिल्ली के साथ लगती राज्य की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन में मरने वाले किसानों की संख्या बताये जाने की मांग की थी। विधायकों ने हरियाणा और अन्य राज्यों से मृत किसानों की संख्या पूछी थी। 

इसे भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर किसानों का साथ देने के लिए भारी तादाद में दिल्ली बॉर्डर पहुंचीं महिलाएं 

विधायकों ने यह भी पूछा था कि क्या सरकार उनके परिजनों को सहायता प्रदान करने के किसी प्रस्ताव पर विचार कर रही है। गौरतलब है कि केन्द्र के तीन नये कृषि कानूनों को निरस्त किये जाने की मांग को लेकर किसान दिल्ली की सीमाओं सिंघू बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़