यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के लिए गठित की जाएगी संयुक्त समिति: नायब सैनी

Nayab Saini
ANI

बैठक के बाद सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के गठन के बाद से विकास योजनाएं तेजी से तैयार की जा रही हैं और उनका क्रियान्वयन निरंतर प्रगति पर है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि यमुना नदी को गंगा नदी की तर्ज पर स्वच्छ बनाने के मकसद से एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी), राज्य सरकार व दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

यह समिति न सिर्फ यमुना की सफाई पर ध्यान केंद्रित करेगी बल्कि अन्य संबंधित मुद्दों के समाधान की दिशा में भी काम करेगी। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सैनी ने बुधवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में हुई ‘यमुना जल पुनर्जीवन से संबंधित अंतर-राज्य समन्वय’ बैठक में भाग लिया।

बैठक के बाद सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के गठन के बाद से विकास योजनाएं तेजी से तैयार की जा रही हैं और उनका क्रियान्वयन निरंतर प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जारी अभियान के तहत यमुना से 16 हजार मीट्रिक टन कचरा पहले ही हटाया जा चुका है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़