Kochi में डॉक्टर से मारपीट और लूटपाट, साउथ एक्ट्रेस Athulya Chandra समेत 3 गिरफ्तार

केरल के कोच्चि में एक डॉक्टर को मरीज देखने के बहाने फ्लैट पर बुलाकर बेरहमी से पीटने और लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस आरोप में दक्षिण भारतीय अभिनेत्री अतुल्या चंद्रा और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित डॉक्टर से 3.25 लाख रुपये के गैजेट्स छीनने और गंभीर आरोप लगाकर धमकाने की भी शिकायत है।
कोच्चि, पांच नवंबर अभिनेत्री अतुल्या चंद्रा और दो अन्य लोगों को एक डॉक्टर को बहाने से फ्लैट में बुलाकर मारपीट करने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। डॉक्टर की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, उसे दो नवंबर को यहां वायटिला स्थित एसेन स्प्रिंगडेल अपार्टमेंट के एक फ्लैट में यह कहकर बुलाया गया था कि आरोपियों में से एक की मौसी की तबीयत खराब है।
शिकायत में कहा गया है कि वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने देखा कि फ्लैट में अभिनेत्री समेत करीब 12 लोग मौजूद थे। आरोप है कि इन लोगों ने उसकी पिटाई की और उसके दो मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच तथा ईयरपॉड छीन लिये। इन सभी सामान की कुल कीमत करीब 3.25 लाख रुपये थी।
प्राथमिकी के अनुसार, 41-वर्षीय डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उन लोगों ने उस पर इल्जाम लगाया है कि उसने आरोपियों में से एक की मौसी को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। इसके बाद उन्होंने कई बार बेरहमी से उसकी पिटाई की। डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान अभिनेत्री ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार नवंबर को भारतीय न्याय संहिता के तहत आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। चंद्रा कई दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनकी कुछ फिल्मों में उयिर (2026), डायस इरे (2025), माथु वदलारा (2019) और इसका दूसरा भाग माथु वदलारा 2 (2024) शामिल हैं।
अन्य न्यूज़














