Vijayapura Crime: कर्नाटक में अस्पताल के बाहर यासीन जुबेर की गोली मारकर हत्या

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक के विजयपुरा जिले में मुंडेवाड़ी अस्पताल के बाहर बृहस्पतिवार शाम अज्ञात हमलावरों ने यासीन जुबेर की गोली मारकर जान ले ली। घटना के समय यासीन अपनी पत्नी की मेडिकल जांच कराकर बाहर निकल रहा था। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।

विजयपुरा (कर्नाटक), पांच नवंबर कर्नाटक के विजयपुरा जिले में बृहस्पतिवार शाम एक अस्पताल के बाहर अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विजयपुरा तालुक के टक्के गांव के निवासी यासीन जुबेर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना मुंडेवाड़ी अस्पताल के पास हुई। यासीन अपनी पत्नी की चिकित्सकीय जांच कराने के बाद वहां से लौट रहा था। विजयपुरा के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबार्गी ने संवाददाताओं को बताया कि शाम करीब पांच बजकर 15 मिनट पर जब यासीन अस्पताल से निकल रहा था, तभी उस पर गोलीबारी की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चलाईं। आरोपियों का पता लगाने के लिए हमने चार टीम गठित की हैं। संदिग्धों के बारे में हमें शुरुआती जानकारी मिली है।

हम जल्द से जल्द उनकी पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करेंगे। पुलिस ने बताया कि शव को सरकारी अस्पताल ले जाया गया है, जहां जांच के जरिए चोटों की सही स्थिति और चलाई गई गोलियों की संख्या का पता लगाया जाएगा। निंबार्गी ने कहा, संभवतः करीब तीन गोलियां चलाई गईं।

पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़