Air India और Express ने बढ़ाई पाबंदी, Saudi Arabia उड़ानें 24 अक्टूबर तक स्थगित

Air India और Express ने बढ़ाई पाबंदी, Saudi Arabia उड़ानें 24 अक्टूबर तक स्थगित
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पश्चिम एशिया में गहराते भू-राजनीतिक संकट को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों ने खाड़ी देश के प्रमुख शहरों के लिए सेवाएं अस्थायी तौर पर रोक दी हैं। जेद्दा, रियाद और दम्माम जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा चिंताओं के बीच यह फैसला लिया गया है। इससे पहले इंडिगो और अकासा एयर ने भी इसी तरह की उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की थी।

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण शनिवार को एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए उड़ानों को रद्द रखे जाने की अवधि को 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया। इस हफ्ते की शुरुआत में, इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी। एअर इंडिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मौजूदा हालात को देखते हुए, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने 24 अक्टूबर 2026 तक जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।’’ साथ ही, एअर इंडिया ने यह भी कहा कि इस दौरान वह यात्रियों को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। शुक्रवार को, एअर इंडिया ने 20 अक्टूबर तक सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस ने पहले ही 17 अक्टूबर तक इस खाड़ी देश के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर दी थीं। इंडिगो ने बृहस्पतिवार को घोषणा की थी कि सऊदी अरब के शहरों के लिए उड़ानों को रद्द करने की अवधि 24 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।

बृहस्पतिवार को अकासा एयर ने कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूदा सुरक्षा हालात को ध्यान में रखते हुए, उसने रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानों को 24 अक्टूबर तक और जेद्दा आने-जाने वाली सभी उड़ानों को 21 अक्टूबर तक निलंबित रखने का फैसला किया है। यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब में नागरिक अवसंरचना, जिसमें रियाद हवाई अड्डा भी शामिल है, को निशाना बनाकर किये गए हमलों के कारण पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़