अखिलेश बोले- सपा की सरकार बनने पर सूचना विभाग के खर्च की होगी जांच

Akhilesh

यादव ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में अपराधियों पर नकेल कसने और अपराधियों को जेल भेजने का दावा किया और आरोप लगाया कि भाजपा में ‘जंगलराज’ की छूट है।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक प्रचार के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर वह इसकी जांच कराएंगे। सपा मुख्यालय से मंगलवार को जारी एक बयान में यादव ने कहा,‘‘सूचना विभाग का काम सरकारी विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है, इसके बजाय ‘लाल टोपी’ दिखाकर फर्क बताने वाले राजनीतिक विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं जो स्पष्ट रूप से राजनीतिक प्रचार कार्य है।’’ 

इसे भी पढ़ें: अखिलेश के सपने वाले बयान पर भाजपा का पलटवार, योगी बोले- भगवान कृ​ष्ण आज उनको कोस रहे होंगे

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘सपा के सत्ता में आने पर यह जांच सुनिश्चित की जाएगी कि सूचना विभाग से भाजपा के राजनीतिक प्रचार के लिए कितनी धनराशि विज्ञापनों, होर्डिंग पर खर्च की गई और इसमें जो अधिकारी दोषी पाए जाएंगे वे जांच के दायरे में होंगे।’’ यादव ने आरोप लगाया, ‘‘जब से भाजपा सत्ता में आई है, सिवाय सत्ता के दुरुपयोग के उसने कोई काम नहीं किया है। भाजपा सरकारी कोष और संसाधनों का इस्तेमाल अपनी पार्टी के पक्ष में प्रचार के लिए कर रही है।’’ 

इसे भी पढ़ें: भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को पार्टी नेताओं ने टिकट मांगो यात्रा में परिवर्तित कर दिया है

उन्होंने लखीमपुर खीरी हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा को बर्खास्त नहीं किया गया जबकि उनके बेटे ने जीप चढ़ाकर किसानों को कुचल दिया था। यादव ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में अपराधियों पर नकेल कसने और अपराधियों को जेल भेजने का दावा किया और आरोप लगाया कि भाजपा में ‘जंगलराज’ की छूट है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़