किसान आंदोलन के बहाने अखिलेश का भाजपा पर तंज, कहा- वह सत्ता में बने रहने का अधिकार खो चुकी है

Akhilesh
अंकित सिंह । Sep 27 2021 11:21AM

अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा कि संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को सपा का पूर्ण समर्थन है। देश के अन्नदाता का मान न करनेवाली दंभी भाजपा सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा बुलाए गए भारत बंद को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि संयुक्त मुख्य किसान मोर्चा के भारत बंद को सपा का पूरा समर्थन है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर भी जबरदस्त निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि अब भाजपा सत्ता में बने रहने का अधिकार खो चुकी है। आपको बता दें कि अखिलेश यादव से पहले राहुल गांधी ने भी कहा है कि कांग्रेस पार्टी का संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन करती है।

अखिलेश का ट्वीट

अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा कि संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को सपा का पूर्ण समर्थन है। देश के अन्नदाता का मान न करनेवाली दंभी भाजपा सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। किसान आंदोलन भाजपा के अंदर टूटन का कारण बनने लगा है। साथ ही साथ अखिलेश यादव ने # दिया है भाजपा_खत्म इससे पहले अखिलेश यादव ने एक और ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा अखिलेश यादव ने लिखा कि पूर्वांचल की ग़रीबी व पिछड़ेपन को दूर करने के लिए जिस समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया था उसके पूरा होने की ख़ुशी है, पर ये दुख भी है कि भाजपा ने इसके मूल स्वरूप व गुणवत्ता से समझौता किया है। भाजपा विकास के रास्ते बनाना नहीं जानती है।

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi's Newsroom | किसानों के भारत बंद से आम जनता परेशान, फिर उठी जातिगत जनगणना की मांग

किसानों का भारत बंद

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ आज संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद बुलाया है। संगठनों का यह भारत बंद सुबह 6:00 बजे से लेकर शाम के 4:00 बजे तक चलेगा। किसानों के भारत बंद की वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में राजमार्गों पर जाम की स्थिति है। दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर पहले से ही हजारों किसान डटे हुए हैं। ऐसे में आज भारत बंद के आह्वान के बाद इन इलाकों में किसानों का विरोध प्रदर्शन और भी तेज दिख रहा है। दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और आसपास के इलाकों में सफर करने करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। गुरुग्राम से दिल्ली, नोएडा से दिल्ली और गाजियाबाद से दिल्ली को जोड़ने वाली सड़कों पर काफी जाम दिख रहा है। यूपी-गाजीपुर बॉर्डर पर पूरी तरह से ट्रैफिक को बंद कर दिया गया है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़