विप चुनाव नतीजे 2027 की जीत की नींव: Akhilesh Yadav बोले, BJP का प्रदर्शन डबल हार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों को 2027 के विधानसभा चुनाव की जीत का आधार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा दोनों बार मतगणना हारी है। सपा अध्यक्ष के मुताबिक जनता ने भाजपा की नीतियों को नकार दिया है जिससे पार्टी में अंदरूनी संकट खड़ा हो गया है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को ‘डबल इंजन’ की ’डबल हार’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि इन नतीजों ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की जीत की नींव रख दी है। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पहले मतगणना और फिर दोबारा मतगणना में हार गई। उन्होंने भाजपा को ‘फ्लॉप शो’ बताते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव के नतीजे आगामी विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना हैं।

उन्होंने दावा किया कि यह भाजपा की ‘शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा विरोधी नीतियों’ की हार है और बेरोजगार स्नातकों ने भी अपना फैसला सुना दिया है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा की नीतियों से विभिन्न वर्गों में असंतोष बढ़ा है और उनके अनुसार, इससे ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) का आधार बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा, “जो पीड़ित, वो पीडीए।” यादव ने कहा, ‘‘इससे भाजपा में अस्तित्व का संकट शुरू हो गया है, क्योंकि भाजपा के अंदर तो सभी लोग जानते हैं कि जो सीट भाजपा जीती भी है, वो भी हेराफेरी से जीती गई है।

भाजपा की अंदरूनी फूट से ‘डबल इंजन’ की टकराहट और बढ़ गई है। इसीलिए भाजपाई प्रत्याशी विधानसभा चुनाव लड़ने की हिम्मत पूरी तरह हार गए हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि जो भाजपा अब तक प्रत्याशियों का सर्वे करा रही थी, वह अब दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ़ रही है, मगर कहीं कोई नजर नहीं आ रहा है। यादव ने कहा कि वह सपा की इस उत्साहवर्धक जीत के लिए प्रदेश के शिक्षकगण और भविष्य को लेकर चिंतित युवाओं के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हैं।

सपा के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि बाकी जगहों पर उनके उम्मीदवारों को चालबाजी-जालसाजी से हराया गया। उन्होंने कहा, दरअसल हमारा कोई भी प्रत्याशी हारा नहीं है, बस वह भाजपाई हेराफेरी के आगे जीत नहीं पाया। हम उनका भी बराबर अभिनंदन करते हैं।

हमारे लिए वे सब भी बिना प्रमाणपत्र वाले विजेता हैं। यही सजगता और एकजुटता 2027 में हमारी सरकार बनाने के लिए निर्णायक नींव बनेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़