अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलाः हरियाणा पवेलियन में सजा एक्सपोर्ट कॉर्नर, बना प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री के संकल्प का प्रतीक

Haryana Pavilion
PR

हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस बार मेला प्रशासन ने विशेष तौर पर सभी राज्यों से अनुरोध किया था कि वे अपने राज्य पवेलियन में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उच्च मांग वाले निर्यात उत्पादों के प्रदर्शन की व्यवस्था करें।

नई दिल्ली, 14 नवंबर- देश को एक्सपोर्ट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरी तरह संकल्पित हैं। इसी संकल्प की एक सशक्त तस्वीर दिल्ली के प्रगति मैदान में लगे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिल रही है, जहां पहली बार हरियाणा पवेलियन में विशेष एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाया गया है।

यह कॉर्नर केवल प्रदर्शनी का एक हिस्सा नहीं, बल्कि हरियाणा के उद्यमियों के हुनर और दुनिया के बाजारों के बीच एक सीधा पुल है। यहां प्रदेश से विदेशों में भेजे जाने वाले उत्पादों को सजाकर प्रदर्शित किया गया है, ताकि मेले में आने वाले हर आगंतुक को यह अहसास हो कि हरियाणा में बना सामान आज सात समंदर पार तक अपनी पहचान बना रहा है।

उत्पादक और खरीदार के बीच सीधा संवाद

इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा के एमएसएमई के उपनिदेशक रमनदीप ने बताया कि एक्सपोर्ट कॉर्नर में प्रदेश से विदेशों में एक्सपोर्ट होने वाले उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बताया कि हर उत्पाद के साथ केवल उसकी जानकारी ही नहीं, बल्कि संबंधित उत्पादकों का विवरण भी उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि यदि कोई देशी या विदेशी खरीदार किसी उत्पाद में रुचि दिखाए और अधिक जानकारी मांगे तो उसे बिना किसी बिचौलिए के सीधे उत्पादक तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के उत्पादकों, विशेषकर छोटे और मध्यम उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध हुआ है। इससे उन्हें विदेशों से भी ऑर्डर प्राप्त होने की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस कॉर्नर का मूल मकसद प्रदेश में एक्सपोर्ट को अधिक से अधिक बढ़ाना और हरियाणा के उत्पादों को वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान दिलाना है।

विशेष तौर पर बना एक्सपोर्ट कॉर्नर

हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस बार मेला प्रशासन ने विशेष तौर पर सभी राज्यों से अनुरोध किया था कि वे अपने राज्य पवेलियन में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उच्च मांग वाले निर्यात उत्पादों के प्रदर्शन की व्यवस्था करें। इसके लिए पवेलियन में अलग से एक एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाने का सुझाव दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस सुझाव के मद्देनजर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार इस बार हरियाणा पवेलियन में एक्सपोर्ट कॉर्नर तैयार किया गया है। यह पहल दर्शाती है कि प्रदेश सरकार न केवल केंद्र के विजन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है, बल्कि उसे धरातल पर उतारने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।

हरियाणा के हुनर की झलक: ये उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

उपनिदेशक रमनदीप ने बताया कि एक्सपोर्ट कॉर्नर में हरियाणा की विविध औद्योगिक क्षमता की झलक देखने को मिल रही है। यहां कॉपर उत्पाद, रेडीमेड गारमेंट, पेपर टैग, फुटबॉल, लैदर जैकेट, योगा मैट, वॉल माउंट फ्रेम, मेडिकल किट, बिल्डिंग वायर, नीम प्रोडक्ट, इलेक्ट्रिक स्विच और फ्लोरिंग आइटम सहित अनेक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों की सूची अपने आप में हरियाणा की बहुआयामी औद्योगिक पहचान को बयां करती है। एक ओर खेल के मैदान में काम आने वाली फुटबॉल और फिटनेस के लिए योगा मैट हैं, तो दूसरी ओर घर और निर्माण क्षेत्र से जुड़े बिल्डिंग वायर, इलेक्ट्रिक स्विच और फ्लोरिंग आइटम। फैशन के शौकीनों के लिए रेडीमेड गारमेंट और लैदर जैकेट हैं, तो स्वास्थ्य और प्राकृतिक उपयोग के लिहाज से मेडिकल किट और नीम प्रोडक्ट भी शामिल हैं। यही विविधता हरियाणा को एक्सपोर्ट के क्षेत्र में एक मजबूत और भरोसेमंद राज्य के रूप में स्थापित करती है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आने वाले देशी-विदेशी आगंतुक इस कॉर्नर में रुककर उत्पादों को देख रहे हैं और उनके बारे में जानकारी भी ले रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़