रायसेन में Narmada Valley के पास मिला प्रागैतिहासिक जीव का 65 लाख साल पुराना जबड़ा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नदी कटाव के चलते हाथी जैसी विशालकाय प्रजाति स्टेगोडॉन नामाडिकस का जीवाश्म सामने आया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की चार सदस्यीय टीम ने पातई गांव पहुंचकर इस दुर्लभ अवशेष का मुआयना किया। विशेषज्ञों के अनुसार यह खोज प्राचीन पर्यावरण और मानव विकास के इतिहास को समझने में काफी मददगार साबित होगी।

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा घाटी के पास प्रागैतिहासिक काल के हाथी जैसे विशाल जीव का करीब 65 लाख साल पुराना निचला जबड़ा मिला है। इस जीव की ऊंचाई करीब 10.5 फुट बताई जा रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जीवाश्म मिलने के बाद भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की चार सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। यह जीवाश्म देवरी तहसील के पातई गांव के पास नदी के कटाव के कारण बाहर आया है। माना जा रहा है कि यह विलुप्त हो चुके ‘स्टेगोडॉन नामाडिकस’ प्रजाति के जीव का है।

इस खोज को जीवाश्म विज्ञान के अध्ययन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सागर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रोफेसर पी.के. कथल ने कहा कि करीब 65 लाख साल पुराने इस जबड़े की खोज से नर्मदा घाटी के प्राचीन पर्यावरण, प्रागैतिहासिक जीव-जंतुओं और मानव विकास के इतिहास को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। उन्होंने बताया कि स्टेगोडॉन नामाडिकस हाथी जैसा सूंड वाला विशाल स्तनधारी जीव था, जो मध्य भारत में मध्य से ‘उत्तर प्लाइस्टोसीन काल’ के दौरान पाया जाता था और बाद में विलुप्त हो गया।

कथल ने बताया कि इस जीव की कंधे तक ऊंचाई करीब 3.2 मीटर (10.5 फुट) और वजन लगभग 7.5 टन होने का अनुमान है। इसका विशाल शरीर और विशिष्ट प्रकार के दांत इसकी प्रमुख विशेषताएं थीं। उन्होंने बताया कि यह जीव मुख्य रूप से शाकाहारी था।

इसके बड़े दांतों पर पास-पास उभरी धारियां और दाढ़ों पर प्लेट जैसी संरचनाएं होती थीं, जो इसे विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां चबाने में मदद करती थीं। कथल ने कहा कि पातई घाट के पास मिला यह जीवाश्म क्षेत्र के प्राचीन पर्यावरण और मानव विकास के इतिहास को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकता है। देवरी के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) अंकित जैन ने बताया कि जीएसआई, भोपाल की चार सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा कर जीवाश्म की जांच की।

उन्होंने कहा कि भूवैज्ञानिक हसन मजाज सहित वैज्ञानिकों ने जीवाश्म की संरचना और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद जीवाश्म की वैज्ञानिक पहचान और उसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़