Siang Dam का विरोध कर रहे चार प्रदर्शनकारी Arunachal Pradesh की जेल से रिहा

अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना का विरोध करने वाले चार प्रदर्शनकारियों को करीब एक माह बाद जूली केंद्रीय जेल से रिहा किया गया है। राज्य सरकार ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए यह कदम उठाया। इसके अलावा सरकार ने आंदोलन से जुड़े एक निलंबित ग्राम सरपंच को भी बहाल करने की मंजूरी दे दी है।
ईटानगर, सात नवंबर अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) के विरोध को लेकर हिरासत में लिए गए चार प्रदर्शनकारियों को शनिवार को गिरफ्तारी के करीब एक महीने बाद ईटानगर के पास जूली केंद्रीय कारागार से रिहा कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अदुम तायोम, ओमाक पारोन, ओकुत पालोह और ओसन पारोन को नौ अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम 2014 के तहत हिरासत में लिया गया था।
उन्होंने बताया कि इन चारों लोगों की रिहाई राज्य सरकार की ओर से सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम (एसआईएफएफ) की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सद्भावना के तौर पर उन्हें मुक्त करने पर सहमति जताने के एक दिन बाद हुई है। यह फोरम प्रस्तावित विशाल बांध परियोजना के विरोध में आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है। इस घटनाक्रम को सियांग घाटी में तनाव कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
परियोजना के विरोध में पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में प्रदर्शन और झड़पें हो रही हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने छह नवंबर को जारी एक पत्र में एसयूएमपी आंदोलन के सिलसिले में अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निलंबित किए गए गांव के सरपंच को भी बहाल करने की मंजूरी दी है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।
सरकार ने एसआईएफएफ से बातचीत दोबारा शुरू करने का आग्रह किया है। उसने मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रस्तावित बैठक के लिए प्रतिनिधियों की सूची भेजने और अपनी सुविधानुसार तारीख तय करने को कहा है। सरकार ने संगठन से सियांग और अपर सियांग जिले के निवासियों को शांति बनाए रखने तथा हिंसा, डराने-धमकाने और हमलों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की भी अपील की है।
अन्य न्यूज़














