विधायक दल के नेता चुने गए अरविंद केजरीवाल, रविवार को रामलीला मैदान में लेंगे शपथ

arvind-kejriwal-to-take-oath-on-sunday-ceremony-to-be-held-at-ramlila-maidan
अंकित सिंह । Feb 12 2020 10:37AM

पार्टी को 70 सदस्यीय विधानसभा में 62 सीटों पर जीत मिली है जबकि भाजपा ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी को 2015 में 67 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव आयोग की ओर से घोषित अंतिम नतीजों के मुताबिक आप ने 53.57 फीसदी मतों के साथ कुल 62 सीटों पर जीत दर्ज की है।

नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मंगलवार को आए नतीजों के मुताबिक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्ता बरकरार रखने के साथ-साथ 2015 के प्रदर्शन को करीब-करीब दोहराया है। केजरीवाल का तीसरी बार मुख्यमंत्री बनना तय है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अरविंद केजरीवाल रविवार यानि कि 16 फरवरी को शपथ लेंगे। उनके साथ उनकी कैबिनेट भी शपथ लेगी। शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। 

आम आदमी पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों ने बुधवार को अरविंद केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुना। इस कदम के साथ ही उनके लिए दिल्ली में अगली सरकार बनाने का दावा पेश करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मंगलवार को प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस में अपने आधिकारिक आवास पर विधायकों से मुलाकात की और इस दौरान उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया।

आपको बता दें कि पार्टी को 70 सदस्यीय विधानसभा में 62 सीटों पर जीत मिली है जबकि भाजपा ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी को 2015 में 67 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव आयोग की ओर से घोषित अंतिम नतीजों के मुताबिक आप ने 53.57 फीसदी मतों के साथ कुल 62 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 38.51 प्रतिशत मत और आठ सीटों पर जीत मिली। वहीं, कांग्रेस लगातार दूसरी बार दिल्ली विधानसभा में अपना खाता नहीं खोल सकी।


केजरीवाल 16 फरवरी को रामलीला मैदान में लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ : सिसोदिया

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने बुधवार को कहा कि अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यहां आम जनता को भी आने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट के सभी मंत्री भी केजरीवाल के साथ वहीं शपथ लेंगे। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर हुए चुनाव में आप ने 62 और भाजपा ने आठ सीटें हासिल की हैं। महरौली से आप विधायक नरेश यादव के काफिले पर मंगलवार की रात हुई गोलीबारी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सिसोदिया ने कहा, ‘‘ दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार लोगों को कार्रवाई करनी चाहिए।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़