Congress का Narendra Modi सरकार पर हमला, बढ़ती महंगाई से आम परिवारों का बजट बिगड़ा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिर आय और आसमान छूती कीमतों के चलते महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। रमेश ने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले एक साल में प्याज, दाल और तेल के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है।

कांग्रेस ने रविवार को महंगाई को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ने से महिलाओं के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। पार्टी ने सवाल किया कि क्या यही सरकार का ‘नारी वंदन’ है। कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक खबर साझा की जिसमें कहा गया था कि महंगाई का असर शादियों और त्योहारों पर भी पड़ रहा है।

रमेश ने हिंदी में एक पोस्ट में कहा, ‘‘पहले लोग अक्सर कहते थे कि दाल-रोटी खाकर गुजारा कर रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार की महंगाई ने आम आदमी की थाली से वह दाल-रोटी भी छीन ली है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की आमदनी लगभग स्थिर बनी हुई है, जबकि जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की बचत खत्म हो रही है और वे कर्ज लेने को मजबूर हो रहे हैं। रमेश ने महंगाई के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले एक साल में प्याज के दाम 98.36 प्रतिशत, चीनी के दाम 30 प्रतिशत, अरहर दाल के दाम 17.55 प्रतिशत, सूरजमुखी तेल के दाम 15.7 प्रतिशत और चावल के दाम 12.05 प्रतिशत बढ़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि दूध, गेहूं और आटा भी काफी महंगे हो गए हैं। रमेश ने कहा, ‘‘आम परिवार आखिर क्या करे? खाना बनाना चाहे तो गैस महंगी है, रोटी खाना चाहे तो दाल महंगी है, दाल बनाना चाहे तो खाना पकाने का तेल महंगा है और सब्जी बनाना चाहे तो प्याज महंगा है।

यहां तक कि बच्चों के लिए दूध खरीदना भी महंगा हो गया है।’’ उन्होंने कहा कि ईंधन, दवाइयों और शिक्षा पर बढ़ते खर्च ने भी परिवारों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि इस स्थिति में महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, क्योंकि घर का बजट संभालने के साथ-साथ राशन, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी खर्चों का प्रबंधन करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर होती है। उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या यही मोदी सरकार का ‘नारी वंदन’ है, जहां महिलाओं के लिए अपना घर चलाना भी लगातार मुश्किल होता जा रहा है?’’ रमेश ने कहा कि शादियों के मौजूदा मौसम में महंगाई ने उन परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जो विवाह की तैयारियां कर रहे हैं।

राशन, खाने-पीने की चीजों, कपड़ों और सजावट पर खर्च बढ़ रहा है। इसके कारण कुछ परिवारों को अपनी बचत खर्च करनी पड़ रही है और कर्ज लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लाखों आम भारतीयों की थाली छोटी हो गई है, जेब खाली हो गई है और उन पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है।’’ रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर महंगाई के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी परेशानियों के बावजूद प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को भी दावा किया था कि महंगाई के कारण पैदा हुई आर्थिक परेशानियों को लेकर ग्रामीण भारत में नाराजगी है। पार्टी ने कहा था कि आगामी चुनावों में भाजपा को भी झटका लग सकता है, जैसा कि उसे राजस्थान में हाल के पंचायत चुनावों में लगा था। कांग्रेस लगातार बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाने के साथ ही सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाती रही है।

वहीं, सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों का हवाला दिया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़