सोनिया गांधी का पीएम पद त्यागना विरल मिसाल, Ashok Gehlot ने याद किया वो ऐतिहासिक पल

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का उल्लेख करते हुए उनके प्रधानमंत्री पद त्यागने के फैसले को याद किया। उन्होंने कहा कि वह संसद के सेंट्रल हॉल में उस ऐतिहासिक क्षण के प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं। गहलोत के अनुसार गांधी परिवार ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए निरंतर संघर्ष किया है।
(फाइल फोटो के साथ) जयपुर, 10 नवंबर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि वह कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पद त्यागने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी रहे हैं। गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन त्याग, तपस्या और संघर्ष की ऐसी मिसाल है, जो वर्तमान भारतीय राजनीति में बहुत विरल है। गहलोत ने सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में वर्णित घटना का जिक्र करते हुए यह बात कही।
यह किताब मंगलवार से बाजार में उपलब्ध हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘मैं उस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी रहा हूं।’’ उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में प्रधानमंत्री पद त्यागने की घटना का विस्तार से वर्णन किया है। गहलोत के अनुसार, ‘‘सोनिया गांधी का जीवन त्याग, तपस्या और संघर्ष की ऐसी मिसाल है, जो वर्तमान भारतीय राजनीति में बहुत विरल है।’’ गहलोत ने लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री के जिस सर्वोच्च पद पर देश की जनता, कांग्रेस पार्टी और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के तमाम नेता जिन्हें देखना चाहते थे, उन्होंने उसे विनम्रता से अस्वीकार कर दिया।
मैं स्वयं उस दिन संसद के सेंट्रल हॉल में मौजूद था, जब संप्रग के सभी सांसद चाहते थे कि सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनें। कांग्रेस और संप्रग के सभी नेताओं की भी यही भावना थी, लेकिन उन्होंने सत्ता के सर्वोच्च पद से ऊपर उठकर पार्टी और देश के व्यापक हित को प्राथमिकता दी।’’ पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार उस वक्त उनकी प्राथमिकता वैचारिक विरोधी राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ-भारतीय जनता पार्टी (आरएसएस-भाजपा) की देश को बांटने वाली राजनीति से मजबूती से मुकाबला करने की थी। यह निर्णय उनके राजनीतिक व्यक्तित्व की दृढ़ता, त्याग और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गहलोत ने कहा कि आज भी आरएसएस और भाजपा की विभाजनकारी विचारधारा के सामने सबसे बड़ी वैचारिक चुनौती के रूप में गांधी परिवार अग्रिम पंक्ति में है। उन्होंने कहा कि, ‘‘गांधी परिवार के खिलाफ चारों ओर से षड्यंत्र किए गए, परन्तु उन्होंने हमेशा इन्हें शालीनता से सहन किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों, व्यक्तिगत हमलों और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद इस परिवार ने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और देश की एकता के लिए संघर्ष जारी रखा है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन इस बात का प्रमाण है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विचारधारा और सिद्धांतों के लिए त्याग करने का नाम भी है।
अन्य न्यूज़














