Prabhasakshi NewsRoom: बार-बार हार कर भी नहीं सुधरा Pakistan! India से अगली जंग के लिए तेजी से जुटा रहा लड़ाकू विमान और घातक मिसाइलें

पाकिस्तान की सैन्य तैयारियों में सबसे महत्वपूर्ण पहलू चीन के पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमान जे-20 को हासिल करने की संभावित योजना है। खुफिया सूचनाओं में जनवरी-फरवरी 2027 तक पाकिस्तान को इन विमानों की पहली खेप मिलने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण एशिया में सैन्य शक्ति का नया समीकरण आकार ले रहा है और इस बदलाव के केंद्र में पाकिस्तान तथा उसका रणनीतिक साझेदार चीन हैं। ऑपरेशन सिंदूर में भारत के हाथों करारी सैन्य चोट झेलने के बावजूद पाकिस्तान ने अपनी सैन्य महत्वाकांक्षाओं को और तेज कर दिया है। चीन की तकनीक और हथियारों के दम पर वह अत्याधुनिक स्टील्थ लड़ाकू विमानों, लंबी दूरी की मिसाइलों, आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम और पनडुब्बियों से अपनी सेना को लैस करने की तैयारी में है। यह महज सैन्य आधुनिकीकरण नहीं, बल्कि भारत के खिलाफ भविष्य के संभावित टकराव के लिए युद्धक क्षमता और रणनीतिक दबाव बढ़ाने की कवायद है। पाकिस्तान की इस तैयारी के पीछे चीन की सक्रिय भूमिका ने चुनौती को और गंभीर बना दिया है।
जे-20 लड़ाकू विमानों पर पाकिस्तान की नजर
हम आपको बता दें कि पाकिस्तान की सैन्य तैयारियों में सबसे महत्वपूर्ण पहलू चीन के पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमान जे-20 को हासिल करने की संभावित योजना है। खुफिया सूचनाओं में जनवरी-फरवरी 2027 तक पाकिस्तान को इन विमानों की पहली खेप मिलने की संभावना जताई गई है। साथ ही पाकिस्तानी पायलटों के चीन में प्रशिक्षण लेने की बात भी सामने आई है। हम आपको बता दें कि जे-20 जैसे स्टील्थ लड़ाकू विमान पाकिस्तान की वायुसेना की क्षमताओं में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इन विमानों की विशेषता रडार से बचने की क्षमता और आधुनिक युद्ध प्रणालियों से लैस होना है। यदि पाकिस्तान को ये विमान मिलते हैं, तो भारतीय वायुसेना को अपनी हवाई युद्ध रणनीति में नए सिरे से बदलाव करना पड़ सकता है।
इस चुनौती को और गंभीर बनाती हैं लंबी दूरी की एयर-टू-एयर मिसाइलें। पाकिस्तान पहले ही चीन की पीएल-15 मिसाइल का इस्तेमाल कर चुका है। अब उसकी दिलचस्पी पीएल-16 और पीएल-17 जैसी अधिक उन्नत मिसाइल प्रणालियों में भी बताई जा रही है। इसका सीधा अर्थ है कि पाकिस्तान भविष्य के हवाई युद्ध में केवल लड़ाकू विमानों की संख्या नहीं, बल्कि दुश्मन के विमानों को अधिक दूरी से निशाना बनाने की क्षमता विकसित करना चाहता है।
तीनों सैन्य मोर्चों पर पाकिस्तान की तैयारी
साथ ही पाकिस्तान का सैन्य आधुनिकीकरण केवल वायुसेना तक सीमित नहीं है। थलसेना, नौसेना और एयर डिफेंस को भी नए हथियारों से लैस करने की कोशिश हो रही है। चीन से एच-क्यू-9बी एयर डिफेंस सिस्टम हासिल करना इसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह प्रणाली हवाई हमलों और मिसाइल खतरों से सुरक्षा के लिए विकसित की गई है। इसके अलावा, समुद्री मोर्चे पर पाकिस्तान चीन के सहयोग से आठ युआन क्लास अथवा हैंगोर क्लास पनडुब्बियों को अपने बेड़े में शामिल करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके अलावा आधुनिक ड्रोन, सशस्त्र मानवरहित विमान और लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
इसके अलावा, तुर्किये के साथ पाकिस्तान का रक्षा सहयोग भी लगातार बढ़ रहा है। ड्रोन तकनीक और अन्य सैन्य प्रणालियों में सहयोग के जरिए पाकिस्तान अपनी युद्धक क्षमताओं का विस्तार करना चाहता है। इस तरह उसकी तैयारी किसी एक सैन्य क्षेत्र में बढ़त हासिल करने की नहीं, बल्कि जमीन, आसमान और समुद्र तीनों जगह अपनी मौजूदगी और मारक क्षमता मजबूत करने की है।
चीन की रणनीति में पाकिस्तान की अहम भूमिका
देखा जाये तो पाकिस्तान की इस पूरी सैन्य रणनीति के पीछे चीन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। बीजिंग इस्लामाबाद को केवल हथियार उपलब्ध नहीं करा रहा, बल्कि सैन्य तकनीक, निगरानी प्रणालियों और रक्षा सहयोग के जरिए उसकी सामरिक क्षमता बढ़ाने में भी मदद कर रहा है। हम आपको बता दें कि चीन के लिए पाकिस्तान का महत्व केवल भारत के साथ उसकी प्रतिद्वंद्विता तक सीमित नहीं है। पाकिस्तान के माध्यम से चीन को अरब सागर और हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी रणनीतिक उपस्थिति मजबूत करने का अवसर मिलता है। चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा भी दोनों देशों के व्यापक रणनीतिक संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है।
हम आपको यह भी बता दें कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व में सैन्य प्रतिष्ठान की भूमिका देश की विदेश नीति और रक्षा प्राथमिकताओं में निर्णायक बनी हुई है। आर्थिक संकट और वित्तीय दबाव के बावजूद पाकिस्तान का सैन्य नेतृत्व रक्षा खरीद को प्राथमिकता दे रहा है। इसके साथ ही पाकिस्तान अमेरिका, सऊदी अरब, तुर्किये और ईरान के साथ भी अपने संबंधों को साधने में लगा है। उसकी कोशिश अलग-अलग देशों से सैन्य, आर्थिक और कूटनीतिक लाभ हासिल करने की है। चीन से हथियार और तकनीक, अमेरिका से रणनीतिक संपर्क तथा खाड़ी देशों से आर्थिक सहयोग हासिल करना उसकी व्यापक विदेश नीति का हिस्सा है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी पाकिस्तान की चुनौती बरकरार
हम आपको याद दिला दें कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के सैन्य ढांचे और एयर डिफेंस व्यवस्था को गंभीर चुनौती दी थी। इस सैन्य अभियान में भारत ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस और कई एयर डिफेंस प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया था। इस कार्रवाई ने यह भी दिखाया कि भारतीय सेना लंबी दूरी तक सटीक हमले करने और पाकिस्तान के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की क्षमता रखती है। इसके बाद से पाकिस्तान चीन की मदद से अपने रक्षा ढांचे को आधुनिक बनाने में जुटा है।
भारत की जवाबी तैयारी: मिसाइलों से एयर डिफेंस तक
दूसरी ओर, पाकिस्तान की बढ़ती सैन्य क्षमताओं के बीच भारत भी अपनी वायुसेना और मिसाइल शक्ति को आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। भारतीय वायुसेना की लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता बढ़ाने के लिए रूसी आरवीवी-बीडी एयर-टू-एयर मिसाइल के एकीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। इसकी मारक क्षमता लगभग 300 किलोमीटर बताई जाती है। इसके साथ ही स्वदेशी अस्त्र मिसाइल कार्यक्रम भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अस्त्र-2 के परीक्षण और 200 किलोमीटर से अधिक की संभावित मारक क्षमता के जरिए भारत अपनी हवाई युद्ध क्षमता को नई ऊंचाई देने की तैयारी कर रहा है।
साथ ही एयर डिफेंस के मोर्चे पर एस-400 प्रणाली की पांचवीं यूनिट के आने की संभावना भी महत्वपूर्ण है। यह भारत की बहुस्तरीय हवाई सुरक्षा को और मजबूत कर सकती है। दूसरी ओर पाकिस्तान की अबाबील मिसाइल और मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेबल री-एंट्री व्हीकल (MIRV) तकनीक हासिल करने की कोशिशों पर भी भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठान की नजर है।
असली चुनौती केवल सीमा पर नहीं, देश के भीतर भी
देखा जाये तो आधुनिक युद्ध की प्रकृति तेजी से बदल रही है। अब सैन्य टकराव केवल लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और टैंकों तक सीमित नहीं रह गया है। खुफिया ऑपरेशन, साइबर गतिविधियां, संवेदनशील संस्थानों में घुसपैठ और सूचना युद्ध भी किसी देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने के बड़े माध्यम बन चुके हैं।
भारत के सामने दो मोर्चों की सामरिक परीक्षा
साथ ही इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पाकिस्तान की सैन्य क्षमता में होने वाली बढ़ोतरी को चीन की भूमिका से अलग करके नहीं देखा जा सकता। भारत के सामने एक ओर पाकिस्तान है, जो चीन की तकनीक और हथियारों के सहारे अपनी सैन्य शक्ति बढ़ा रहा है, तो दूसरी ओर चीन है, जिसकी अपनी सैन्य और सामरिक महत्वाकांक्षाएं लगातार विस्तार कर रही हैं। इसलिए भारत की रणनीतिक तैयारी केवल पाकिस्तान की सैन्य खरीद का जवाब देने तक सीमित नहीं रह सकती। उसे वायु शक्ति, मिसाइल क्षमता, एयर डिफेंस, नौसैनिक ताकत, अंतरिक्ष आधारित निगरानी और स्वदेशी रक्षा उत्पादन के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना होगा।
बहरहाल, ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य क्षमता और सटीक प्रहार करने की ताकत का प्रदर्शन किया था। लेकिन अब पाकिस्तान और चीन के बीच बढ़ता सैन्य सहयोग भविष्य के संघर्षों का स्वरूप बदलने की कोशिश कर रहा है। कुल मिलाकर देखें तो दक्षिण एशिया में सैन्य प्रतिस्पर्धा अब केवल हथियारों की संख्या का मुकाबला नहीं रह गई है। यह तकनीक, खुफिया क्षमता, सैन्य तैयारी और रणनीतिक साझेदारियों की निर्णायक प्रतिस्पर्धा बन चुकी है। भारत के सामने असली सामरिक परीक्षा इसी बदलते शक्ति संतुलन में अपनी बढ़त बनाए रखने की है।
अन्य न्यूज़














