Assam Elections 2026: CM Himanta की अपील, लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लें, नया असम बनाएं

Assam Elections 2026
ANI
Neha Mehta । Apr 9 2026 10:34AM

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 126 सीटों पर हो रहे विधानसभा चुनाव में मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। यह चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है जो लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर उतरी है, जबकि कांग्रेस वापसी की कोशिश कर रही है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को सभी मतदाताओं से विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने और राज्य को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की अपील की। असम की सभी 126 विधानसभा सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।

कुल 722 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है। शर्मा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बेहतर असम के निर्माण की राह में हर आवाज और हर वोट मायने रखता है।

उन्होंने लिखा, “लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि आप बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए आगे आएं, ताकि लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके और असम को नयी ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके।” शर्मा गुवाहाटी की जलुकबारी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मतगणना चार मई को होगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़