असम में बाढ़ से नौ व्यक्तियों की मौत, लगभग 42 लाख लोग प्रभावित

floods
ANI

असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को और खराब हो गई तथा इससे तीन बच्चों सहित नौ और व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 31 जिलों में 42 लाख से अधिक व्यक्ति प्रभावित हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को और खराब हो गई तथा इससे तीन बच्चों सहित नौ और व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 31 जिलों में 42 लाख से अधिक व्यक्ति प्रभावित हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छह व्यक्ति डूब गए जबकि तीन व्यक्तियों की भूस्खलन के कारण मौत हो गई। वहीं आठ व्यक्ति राज्य के अलग अलग हिस्सों में लापता हैं। इसके साथ ही इस साल बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 71 हो गई है।

इसे भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश संबंधों का यह ‘शोनाली अध्याय’ है: जयशंकर

बुलेटिन में कहा गया है कि बाढ़ से कम से कम 42,28,100 लोग प्रभावित हैं। बारपेटा सबसे अधिक प्रभावित जिला है जहां 12.76 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, इसके बाद दरांग में लगभग 3.94 लाख लोग प्रभावित हैं और नगांव में 3.64 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कछार, दीमा हसाओ, गोलपाडा, हैलाकांडी, कामरूप मेट्रोपॉलिटन और करीमगंज से बड़े पैमाने पर भूस्खलन की सूचना मिली है। शनिवार तक राज्य के 27 जिलों में बाढ़ से करीब 31 लाख लोग प्रभावित हुए थे। मौसम कार्यालय ने सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि मंगलवार से बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली सरकार ने अपने हिस्से का धन देने से इंकार किया, प्रधानमंत्री ने हस्तक्षेप किया : पीयूष गोयल

अगले 48 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में छिटपुट स्थानों पर गरज चमक या भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा जारी रहने और उसके बाद वर्षा की तीव्रता में कमी की संभावना है। एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में 5,137 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 1,07,370.43 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। अधिकारी 27 जिलों में 1,147 राहत शिविर और वितरण केंद्र चला रहे हैं, जहां 29,722 बच्चों सहित 1,86,424 लोग शरण लिये हुए हैं। पिछले 24 घंटे में विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 8,760 लोगों को बचाया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़