असम के विधायकों ने बाढ़ राहत के लिए एक महीने का वेतन देने का किया फैसला, रायजोर दल की ओर से घोषणा नहीं

असम में रायजोर दल को छोड़कर अन्य सभी दलों के विधायकों ने बाढ़ प्रभावितों के राहत और पुनर्वास के लिए अपना एक महीने का वेतन दान करने की घोषणा की है। विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ-साथ विधानसभा सचिवालय के कर्मचारी भी इसमें अपना योगदान देंगे। भाजपा, कांग्रेस, एआईयूडीएफ, अगप और टीएमसी के विधायकों ने भी इस पहल का समर्थन किया है।
गुवाहाटी, 28 जुलाई असम के रायजोर दल के विधायकों को छोड़कर राज्य के सभी विधायकों ने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास के लिए अपना एक महीने का वेतन दान करने की मंगलवार को घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने कहा कि वह और उपाध्यक्ष हब्बे टेरोन बाढ़ राहत के लिए अपना एक महीने का वेतन दान करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे अलावा, विधानसभा सचिवालय के सभी कर्मचारी भी पीड़ितों के राहत और पुनर्वास के लिए एक दिन का वेतन दान करेंगे।’ इस पहल का स्वागत करते हुए संसदीय कार्य मंत्री पी. हजारिका ने कहा कि भाजपा के सभी विधायक भी अपना एक महीने का वेतन दान करेंगे।
राज्य में तृणमूल कांग्रेस के एकमात्र विधायक शर्मन अली अहमद ने भी इसका अनुसरण करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए अपना एक महीने का वेतन देने की घोषणा की। विपक्ष के नेता वाजेद अली चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले कुछ दिनों में बाढ़ राहत कार्यों में योगदान दिया है और पार्टी के विधायक भी इस उद्देश्य के लिए एक महीने का वेतन दान करेंगे। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रांट (एआईयूडीएफ) के विधायक मजीबुर रहमान ने कहा, ‘‘ हमारी पार्टी के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने एआईयूडीएफ की ओर से इससे कहीं अधिक राशि दान की है।
लेकिन फिर भी, जैसा कि अन्य सदस्यों ने निर्णय लिया है, हम भी एक महीने का अपना वेतन देंगे।’’ असम गण परिषद (अगप) विधायक पृथ्वीराज रावा ने घोषणा की कि उनकी पार्टी के सभी सदस्य भी ऐसा ही करेंगे, वहीं बीपीएफ के पाणिराम ब्रह्मा ने भी इसी तरह की घोषणा की। हालांकि,रायजोर दल ने इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की। पार्टी विधायक महबूब मुक्तार सदन में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं कहा।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
अन्य न्यूज़














