CRPF जवानों के बलिदान का सम्मान करें Rahul Gandhi, बाबूलाल मरांडी ने दी नसीहत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कहा कि वह सुरक्षाबलों के योगदान पर सवाल उठाने के बजाय उनके त्याग का आदर करें। मरांडी ने यह टिप्पणी प्रधानमंत्री पर राहुल द्वारा लगाए गए आरोपों के जवाब में की। उन्होंने रेखांकित किया कि 47 वर्षों में पहली बार सीआरपीएफ ने 12 महीने बिना किसी ऑपरेशनल शहादत के पूरे किए हैं।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को राहुल गांधी से कहा कि उन्हें नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जान गंवाने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के योगदान पर सवाल उठाने के बजाय उनके बलिदान का सम्मान करना चाहिए। मरांडी की यह प्रतिक्रिया सोमवार को कांग्रेस नेता गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीआरपीएफ के जवानों को संबोधित करते हुए दिमागी नक्सली वाली टिप्पणी को लेकर निशाना साधे जाने के बाद आई। गांधी ने कहा था कि जवानों ने प्रधानमंत्री के झूठ को स्वीकार नहीं किया।

राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए पूछा कि कौन राष्ट्रविरोधी है और किसके नियंत्रण में विदेशी ताकतें हैं। राहुल गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मरांडी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में उनसे पूछा, क्या आप उन शहीद जवानों की माताओं से भी कहेंगे कि नक्सलवाद कुछ नहीं होता? उन विधवाओं और अनाथ बच्चों से भी यही कहेंगे, जिन्होंने अपनों को खोकर जिंदगी गुजारी है?

मरांडी ने कहा, ‘‘47 वर्षों में पहली बार सीआरपीएफ के जवानों ने लगातार 12 महीने बिना किसी ऑपरेशनल शहादत के पूरे किए हैं। यह हमारे जवानों के अदम्य साहस और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का परिणाम है।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जवानों के बीच दीपावली मनाते देखकर और देश की इस उपलब्धि पर सवाल उठाने के बजाय आपको उन जवानों के बलिदान का सम्मान करना चाहिए। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा और ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राहुल जी को कैसे पता होगा कि बाबूलाल जी ने (नक्सली हमले में) अपना बेटा खो दिया है।’’ एक अन्य पोस्ट में दुबे ने राहुल गांधी से यह बताने को कहा कि जब वह 2018 में कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए थे तो चीन के किस मंत्री से उनकी मुलाक़ात हुई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़