चुनावी मैदान में बंधु तिर्की की बेटी शिल्पी मांडर, नामांकन से पहले लिया शिबू सोरेन का आशीर्वाद

Bandhu Tirkey
Google common license

बंधु तिर्की की बड़ी बेटी शिल्पा ने महागठबंधन के समर्थन से मांडर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।तेईस जून को हो रहे मांडर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बंधु तिर्की की बड़ी बेटी शिल्पा को बुधवार को चुनाव मैदान में उतारा था और आज उसने राज्य में सत्ताधारी महागठबंधन की प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भर दिया।

रांची। झारखंड विकास मोर्चा से कांग्रेस में गये बंधु तिर्की के आय से अधिक संपत्ति के मामले में तीन वर्ष कैद की सजा पाने के बाद उनकी विधायकी चले जाने से खाली हुई मांडर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को उनकी बड़ी बेटी शिल्पा नेहा तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में महागठबंधन के समर्थन से अपना नामांकन पत्र भरा। तेईस जून को हो रहे मांडर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बंधु तिर्की की बड़ी बेटी शिल्पा को बुधवार को चुनाव मैदान में उतारा था और आज उसने राज्य में सत्ताधारी महागठबंधन की प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भर दिया।

इसे भी पढ़ें: ज्ञानवापी मामले में RSS प्रमुख मोहन भागवत बोले, हर मस्जिद में शिवलिंग तलाशने की जरूरत नहीं

बंधु तिर्की को आय से अधिक संपत्ति मामले में विशेष सीबीआई अदालत ने तीन वर्ष कैद की सजा सुनायी थी जिसके चलते आठ अप्रैल को उनकी विधायकी चली गयी और मांडर विधानसभा सीट खाली हो गयी थी। शिल्पी नेहा तिर्की को मांडर के विधानसभा उपचुनाव के मैदान में उतरने का फैसला कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने कल किया था। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की ओर से मुकुल वासनिक के हस्ताक्षर से जारी पत्र में यह जानकारी दी गयी थी। आज नामांकन से पहले आज सुबह शिल्पी नेहा तिर्की ने सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख दिशोम गुरु शिबू सोरेन से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ उनके पिता बंधु तिर्की भी मौजूद थे।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति कोविंद के पैतृक गांव परौंख जायेंगे पीएम मोदी, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

बाद में शिल्पी के नामांकन के समय प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी उपस्थित थे। झामुमो ने कहा कि शिल्पी नेहा तिर्की इस उपचुनाव में महागठबंधन की उम्मीदवार होंगी। इस बीच आज भाजपा ने प्रदेश चुनाव समिति की बैठक कर मांडर से पार्टी के संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया। माना जा रहा है कि मांडर से उपचुनाव के लिए टिकट की दौड़ में मुख्य रूप से मांडर से ही विधायक रहीं गंगोत्री कुजूर, रांची की मेयर आशा लकड़ा और पूर्व आइपीएस अधिकारी अरुण उरांव भी शामिल हैं। भाजपा की चुनाव समिति की बैठक़ प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, धर्मपाल सिंह और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी उपस्थित थे। शिल्पी ने कहा कि उनके पिता को एक साजिश के तहत फंसाया गया है अतः राजनीति में उतरने का उनका मुख्य उद्देश्य पिता के कार्य को आगे बढ़ाना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़