Bengaluru में पब में दोस्ती के बाद जयपुर की युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बेंगलुरु पुलिस ने जयपुर की 26 वर्षीय युवती से होटल के कमरे में दुष्कर्म करने के आरोप में पुरानी कारों के कारोबारी समीर एम. वी. को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता छुट्टियां मनाने शहर आई थी और कोरमंगला के एक पब में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। इसके बाद मडिवाला स्थित होटल में कथित यौन उत्पीड़न की घटना सामने आने पर मामला दर्ज किया गया।

बेंगलुरु, पांच नवंबर बेंगलुरु में एक पब में दोस्ती करने के बाद जयपुर की 26-वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान समीर एम. वी. (31) के रूप में हुई है।

वह पुरानी कारों का कारोबार करता है। घटना कथित तौर पर 28 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस के अनुसार, जयपुर से छुट्टियां मनाने बेंगलुरु आई युवती कोरमंगला स्थित एक पब में गई थी, जहां उसने सिगरेट जलाने के लिए समीर से लाइटर मांगा।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने इस मौके का फायदा उठाकर उससे बातचीत शुरू की और बाद में दोनों ने एक-दूसरे को अपने मोबाइल नंबर दिए। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद समीर ने युवती को मडिवाला स्थित एक होटल के कमरे में बुलाया और वहां दोनों ने शराब पी। आरोप है कि समीर ने युवती का यौन उत्पीड़न किया।

युवती किसी तरह कमरे से बाहर निकली और उसने मडिवाला थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़