Delhi के Gaffar Market में लगी भीषण आग, 22 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

Delhi के Gaffar Market में लगी भीषण आग, 22 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

करोल बाग के गफ्फार मार्केट में स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में बृहस्पतिवार देर रात आग लग गई। दमकल की 20 से अधिक गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद लपटों को पूरी तरह बुझाया। पुलिस के अनुसार इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

नयी दिल्ली, छह नवंबर दिल्ली के गफ्फार मार्केट में बृहस्पतिवार देर रात मोबाइल फोन के सामान की एक दुकान में भीषण आग लग गई, जिसके बाद दमकल की करीब 22 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में फैल गई और अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की संभावित वजह बैटरियों का अत्यधिक गर्म होना या उन्हें जरूरत से ज्यादा चार्ज करना माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात एक बजकर 28 मिनट पर पुरी प्लाजा में आग लगने की सूचना मिली थी, इसके बाद करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल आई।

अधिकारी ने कहा, थाने में रात की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यावसायिक इमारत की दुकान संख्या 13/21 में आग लगी देखी। इस इमारत में मोबाइल फोन के सामान का कारोबार करने वाली दुकानें हैं।

पुलिस के मुताबिक, आग सबसे पहले भूतल पर स्थित एक दुकान में लगी होने का संदेह है, जहां मोबाइल की बैटरियां रखी हुई थीं। इसके बाद आग चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। उनके अनुसार, आग बुझाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की करीब 20 से 25 गाड़ियां, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (कैट्स) की तीन एंबुलेंस और पीसीआर की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

उन्होंने बताया कि आग तेज होने पर दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को भी काम पर लगाया गया। पुलिस ने बताया कि कई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चला, इसके बाद आग पर काबू पाया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा और विद्युत निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी जाएगी।

उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी इमारत की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री तो नहीं रखी गई थी। पुलिस ने बताया कि इन रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही, मानव जीवन को किसी तरह के खतरे की आशंका को दूर करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन या प्रमाणपत्र भी मांगा जाएगा। अधिकारी ने कहा, आग बुझा दी गई है और मौके पर स्थिति नियंत्रण में है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़