बेंगलुरु में सड़क पर कैब का इंतजार कर रही महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

बेंगलुरु में सड़क पर कैब का इंतजार कर रही एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने एक फल विक्रेता को गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला ने घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी का दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया है।
बेंगलुरु, 28 जुलाई बेंगलुरु में सड़क पर कैब का इंतजार कर रही एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान राममूर्ति नगर के ‘एनआरआई लेआउट’ निवासी फल विक्रेता विजय राघव (42) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी का दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने 27 जुलाई को ‘इंस्टाग्राम’ पर आपबीती साझा की। महिला ने आरोप लगाया कि स्कूटर सवार एक व्यक्ति उसके पास आकर अभद्र टिप्पणियां करने लगा और धन के बदले यौन संबंध बनाने की बात कहने लगा।
पुलिस ने बताया कि महिला राममूर्ति नगर में कैब का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी ने उस पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। महिला ने निडर होकर उसका मुकाबला किया और अपने मोबाइल फोन से उसकी हरकतों को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। जब महिला ने पुलिस को फोन करने की चेतावनी दी, तब आरोपी वहां से भाग निकला।
महिला ने बाद में आरोपी की पहचान में मदद के लिए उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘एक महिला होने के नाते मुझे यह अधिकार है कि मैं बिना किसी डर के अपनी कैब का इंतजार कर सकूं। मुझे किसी वस्तु की तरह न समझा जाए या पैसों के लिए कोई प्रस्ताव न दिया जाए।
उसकी बातें डराने वाली और अपमानजनक थीं, जिससे मुझे अपनी सुरक्षा की चिंता होने लगी।’’ शिकायतकर्ता ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के व्यवहार को सामान्य मानकर अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। उसने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उसने आम लोगों से भी इस तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
वीडियो सोशल मीडिया पर प्रस्तारित होने और शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को ढूंढ़ निकाला। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य न्यूज़














