बिहार: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक ने पटना में आत्महत्या की

suicide
प्रतिरूप फोटो
Crrative Common

पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय एक अभ्यर्थी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सोनू कुमार (25) के रूप में हुई है। पटना सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ-1) अभिनव ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, सोनू मंगलवार रात कंकड़बाग इलाके के हनुमान नगर में अपने कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया।

उन्होंने कहा, सूचना मिलने के तुरंत बाद, पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अभिनव ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। स्थानीय लोगों और युवक के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि सोनू बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह पिछले कुछ महीनों से करियर की चिंताओं के कारण तनाव में था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़