बिहार चुनाव: मतगणना के रूझानों में NDA को बहुमत, देखिए किसे कितनी मिल रही हैं सीटें

Nitish Kumar

भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विपक्षी महागठबंधन 100 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। मतगणना के रझानों के मुताबिक, सत्तारूढ़ राजग बहुमत के आंकड़े को हासिल करता दिख रहा है।

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना के रूझानों के अनुसार 243 सीटों में से राजग 130 सीटों पर आगे चल रहा है और दो सीटों पर उसे जीत हासिल हुई है। भाजपा गठबंधन में अपनी सहयोगी पार्टी नीतीश कुमार की जदयू से बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विपक्षी महागठबंधन 100 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। मतगणना के रझानों के मुताबिक, सत्तारूढ़ राजग बहुमत के आंकड़े को हासिल करता दिख रहा है। 

इसे भी पढ़ें: ईवीएम पर कांग्रेस का मतभेद सामने आया, उदित राज और कार्ति चिदंबरम ने दिया अलग-अलग बयान 

भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, मतगणना के रूझानों में भाजपा 76 सीटों पर आगे चल रही है और उसे एक सीट पर जीत हासिल हुई है। जबकि उसकी सहयोगी जदयू 46 सीटों पर आगे चल रही है और एक सीट पर जीत मिली है। मतगणना में हम पार्टी तीन सीटों पर और वीआईपी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। महागठबंधन से राजद 64 सीटों पर आगे चल रहा है और एक सीट पर उसे जीत हासिल हुई है। कांग्रेस 18 सीट, माकपा 3 सीट, भाकपा-माले 12 सीट, भाकपा 3 सीटों पर पर आगे चल रही है। बहुजन समाज पार्टी दो सीटों पर आगे चल रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम 4 सीटों पर आगे चल रही है। निर्दलीय 3 सीटों पर आगे चल रहे हैं। राजग से अलग होकर चुनाव लड़ने वाली चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी सिर्फ एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है।

लोजपा ने चुनाव में जदयू के उम्मीदवार के मुकाबले अपना उम्मीदवार खड़ा किया था। भाजपा और जदयू गठबंधन को अब तक 35.43 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं जबकि राजद-कांग्रेस महागठबंधन को 32.13 प्रतिशत वोट मिले हैं। बहरहाल, चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि कोविड-19 के कारण इस बार मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ायी गई थी और मतगणना लम्बा खींच सकता है। वाल्मिकीनगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में मतगणना के रूझान में जदयू उम्मीदवार सुनील कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के प्रवेश कुमार मिश्रा से 16 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार को अगला CM बनाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने ​कही ये बात 

राजद नेता तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी जदयू के राजकुमार राय से 10 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं तेजस्वी यादव राघोपुर से अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी पर 10340 मतों से बढ़त बनाये हुए हैं। भाजपा की श्रेयसी सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी से 24123 मतों से बढ़त बनाये हुई हैं। भाजपा के नीतीश मिश्रा 20142 मतों से आगे चल रहे हैं। वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी 3402 मतों से आगे चल रहे हैं। मोकामा से राजद के अनंत सिंह 21 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। बांकीपुर से भाजपा के नितिन नवीन अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के लव सिन्हा से 12363 मतों से आगे चल रहे हैं। परसा सीट से चंद्रिका राय 13710 मतों से पीछे चल रहे हैं। हम पार्टी के जीतन राम मांझी 9217 मतों से आगे चल रहे हैं। धमदाहा से जदयू की लेसी सिंह 22181 मतों से आगे चल रही हैं जबकि दिनारा से लोक जनशक्ति के राजेंद्र सिंह 1843 मतों से आगे चल रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़